देश में नहीं चलेगी बहुरूपिया राजनीतिज्ञों की राजनीति : डॉ. दिनेश शर्मा

Lucknow
  • टोपी, जाति और जनेऊ दिखाकर वोट लेने का दौर खत्म

लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि देश में अब बहुरूपिया राजनीतिज्ञों की राजनीति नहीं चलने वाली। चुनाव के समय मीठी बातें कर, टोपी लगाकर, जाति बताकर और जनेऊ दिखाकर वोट लेने का दौर अब समाप्त हो चुका है। अब वही राजनीति सफल होगी, जो सेवा और समर्पण पर आधारित होगी।

डॉ. शर्मा ममता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जयंती तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ममता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा सामाजिक सेवा कार्य समाज के लिए एक आदर्श उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना या सत्ता प्राप्त करना नहीं है, बल्कि सेवा को ही पार्टी ने अपना परम धर्म माना है। भाजपा सरकार पर आज तक किसी भी धर्म या वर्ग के व्यक्ति ने योजनाओं के लाभ में भेदभाव का आरोप नहीं लगाया है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि लखनऊ के सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में राजधानी का व्यापक कायाकल्प हुआ है। आज लखनऊ के लोग अपने कठिन समय में मदद के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को खोजते हैं, क्योंकि वे बिना किसी भेदभाव के सेवा करते हैं। किसान सम्मान निधि, आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ देते समय कभी किसी की जाति या धर्म नहीं पूछा गया — यही भाजपा की पहचान है।

उन्होंने कहा कि भारत अब बदल चुका है। केंद्र सरकार द्वारा लाया गया जी राम जी बिल गरीबों के लिए अमृत समान है। इसके माध्यम से गरीबों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है, जिससे अब रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे जनहितकारी बिल का भी विरोध कर रही है, जबकि केंद्र सरकार का लक्ष्य गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाना है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “एकात्म मानववाद” और “बराबरी के सिद्धांत” को व्यवहार में उतार रही है।

इस अवसर पर नगर भाजपा अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, पार्षद गिरीश गुप्ता, साकेत शर्मा, कृष्ण कुमार लोधी, कृष्णा लोधी, अनु मिश्रा, राजीव बाजपेई सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम के सामने स्वर्गीय कल्याण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जनसभा का आयोजन किया गया। वहीं, मुरली मनोहर जोशी के जन्मदिवस पर राजेंद्र नगर स्थित डीएवी कॉलेज के सामने कंबल एवं ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।