पीड़ि़ता के बयान दर्ज कराने से दरोगा को हो गया कोरोना वायरस!

Kanpur Zone UP

कानपुर(www.arya-tv.com)  छेड़छाड़ के मामले में पीड़ि़ता के बयान दर्ज नहीं कर रहे विवेचक का गैरजिम्मेदाराना बयान बुधवार को एक ऑडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आ गया।

एक महिला समाज सेविका ने जब विवेचक को फोन करके बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया तो उन्होंने खुद को करोना वायरस होने की दलील दी। वह केवल यहीं तक नहीं रुके, बल्कि महिलाओं के खिलाफ मजाक-मजाक में कुछ आपत्तिनजक टिप्पणियां भी कर दीं। मामला सार्वजनिक होने के बाद पुलिस को सफाई देनी पड़ी।

मामला चकेरी थाना क्षेत्र का है। चकेरी निवासी महिला अधिवक्ता के साथ शोहदों ने 28 फरवरी को छेड़छाड़ कर दी थी। इस मामले में पीड़ि़ता की तहरीर पर दिलीप, रोहित, राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले की जांच चकेरी थाने में तैनात एसआइ रामआसरे त्रिपाठी कर रहे हैं।

पुलिस ने अब तक इस मामले में पीडि़ता के बयान दर्ज नहीं किए है और न आरोपितों की गिरफ्तारी ही की है। मंगलवार को इस संबंध में समाज सेविका सीमा त्रिपाठी ने विवेचक को फोन करके पीड़ि़ता के बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया। इस पर विवेचक ने कहा कि अगर जीवन रहा तो बयान कराएंगे, मर गए तो देखा जाएगा।

जब उनसे पूछा गया कि उन्हें क्या हुआ तो बताया कि उन्हें करोना हो गया है। इस पर समाज सेविका ने उनसे पूछा कि वह किस अस्पताल में भर्ती हैं, वह उन्हें देखने आ रही हैं तो विवेचक ने बताया कि वह घर पर हैं और बेड रेस्ट कर रहे हैं। अब हनुमान जी उनकी रक्षा करेंगे। महिला समाज सेविका ने जब कहा कि रक्षा तो देवियां भी करती हैं, तो दारोगा जी ने फिर उल्टा और आपत्तिजनक जवाब दिया।