40 लाख की डकैती डालने वाले चार बदमाश गिरफ्तार: कूरियर कंपनी के पूर्व कर्मचारी ने की थी रेकी

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आगरा के रावतपाड़ा बाजार की तिवारी गली में कूरियर कंपनी के आफिस में 40 लाख की डकैती का मास्टरमाइंड पूर्व कर्मचारी निकला। पुलिस ने इस मामले में 4 मुख्य आरोपी समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। 3 बदमाश अभी भी फरार हैं। पुलिस ने 8 लाख रुपए बरामद भी किए हैं।

CCTV से बाइक नंबर मिला, पुलिस बदमाशों तक पहुंची

तिवारी गली में 22 जुलाई को दोपहर करीब पौने एक बजे चार बदमाशों ने कूरियर कंपनी में 40 लाख की डकैती डाली थी। बदमाशों के तीन साथी ऑफिस के बाहर पहरा दे रहे थे। CCTV में पूरी घटना कैद हुई। फुटेज से पुलिस को बदमाशों का सुराग मिला था। जांच में पता चला था कि बदमाश स्कार्पियो गाड़ी और बाइक से आए थे। बाइक के नंबर से पुलिस को बदमाशों तक पहुंचने में मदद मिली।

पुलिस को डकैती की वारदात में खंदौली के दीपक, देवा, पवन, सागर और फतेहपुर सीकरी के हरिओम, रानू, संदीप की तलाश थी। पुलिस ने कूरियर कंपनी के आफिस में अंदर घुसने वाले 4 बदमाश दीपक, सागर, पवन और देवा को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से आठ लाख रुपए बरामद किए हैं। पुलिस अब तक कुल 12 लाख रुपए बरामद कर चुकी है। अभी भी फतेहपुर सीकरी के तीन आरोपी वांछित हैं।

पूर्व कर्मचारी का नाम सामने आया
पकडे़ गए बदमाशों से पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला है कि वारदात का मास्टरमाइंड कंपनी का पूर्व कर्मचारी आकाश है। आकाश की रेकी पर ही दिनदहाडे़ डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया। आकाश को कंपनी ने डेढ़ वर्ष पूर्व नौकरी से निकाल दिया था। उसको कंपनी में आने वाली रकम की पूरी जानकारी थी।