भरवारा में बना रहा पहला एनिमल केयर सेंटर, ऑपरेशन थियेटर के साथ डॉक्टरों के बैठने के लिए रहेगी जगह

# ## Lucknow

वैश्विक नगरोदय योजना के तहत लखनऊ नगर निगम जोन 4 के गोमती नगर स्थित ग्राम भरवारा में पशुओं के लिए पहला एनिमल केयर सेंटर बना रहा है। करीब 4 करोड़ की लागत से 4,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बन रहे इस सेंटर में जी प्लस वन बिल्डिंग में ऑपरेशन थियेटर के साथ डॉक्टरों के बैठने की भी व्यवस्था रहेगी। नगर निगम ने एनिमल केयर सेंटर की बाउंड्री बना दी है। अब बिल्डिंग के फाउंडेशन का काम चल रहा है। दिसंबर 2026 तक सेंटर बनकर तैयार हो जाएगा।

एनिमल केयर सेंटर में एक साथ 25 से 30 जानवरों को रखने की व्यवस्था रहेगी। प्राथमिक उपचार के लिए पशुओं के डॉक्टर और सर्जन भी तैनात किये जाएंगे। इस सेंटर में कुत्ता, बिल्ली और गाय आदि पशुओं का इलाज होगा। जरूरत पड़ने पर एक हफ्ते तक निगरानी में रखा जाएगा। नगर निगम के अमौसी स्थित कान्हा उपवन में अभी तक केवल गाय के इलाज की वैकल्पिक व्यवस्था थी। कुत्ते और बिल्ली आदि के इलाज के लिए नगर निगम के पास खुद की व्यवस्था नहीं थी। नगर निगम एनजीओ के माध्यम से इनका इलाज कराता था। इस सेंटर के बन जाने से नगर निगम खुद निराश्रित पशुओं का का इलाज कर सकेगा।

एनिमल केयर सेंटर में वन्य जीवों को छोड़कर कुत्ता, बिल्ली और गाय आदि जानवरों के इलाज की सुविधा रहेगी। इस सेंटर में प्राथमिक इलाज के साथ ही ऑपरेशन की भी सुविधा होगी। यहां एक साथ 25-30 पशुओं को इलाज के लिए रखा जा सकेगा।एनिमल केयर सेंटर 4 करोड़ की लागत से वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बनाया जा रहा है। बाउंड्री का काम पूरा हो चुका है, अब फाउंडेशन का काम चल रहा है। दिसंबर 2026 तक काम पूरा हो जाएगा।