(www.arya-tv.com)भारत को फाइजर की वैक्सीन के लिए अगस्त तक इंतजार करना पड़ सकता है। फाइजर के अमेरिकी सूत्र बता रहे हैं कि भारत सरकार और कंपनी के बीच जवाबदेही वाली शर्त पर बनी सहमति अब तक कागज पर नहीं उतरी है। दरअसल, कंपनी चाहती है कि वैक्सीन के दुष्प्रभाव होने पर उसकी जवाबदेही न रहे। भारत सरकार इसके लिए एक महीने पहले ही राजी हाे गई थी। भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इसे लेकर अमेरिका में फाइजर के कुछ अफसरों से मुलाकात भी की थी। लेकिन, अब इस डील में देरी होती दिख रही है।
फाइजर के कुछ उच्च पदस्थ अफसरों ने भास्कर को बताया कि कंपनी जुलाई में ही टीके देने को तैयार थी। लेकिन, भारत सरकार ने बात तय होने के बाद भी अब तक कोई लिखित प्रपोजल नहीं दिया है। इसलिए अब अगस्त के आखिर या सितंबर में ही भारत को टीके की सप्लाई संभव हो सकेगी, वो भी तब अगर भारत सरकार तत्काल कुछ फैसला लेती है।
मई में फाइजर के अधिकारियों ने भास्कर को बताया था कि कंपनी जुलाई से अक्टूबर के बीच 5-7 करोड़ वैक्सीन भारत भेजेगी। फाइजर की एक अधिकारी बताती हैं- ‘भारत सरकार ने मई के मध्य में ही हामी भरी थी कि वह मांगें मानने को तैयार है। लेकिन, बाकी देशों की तुलना में भारत ने प्रक्रिया आगे बढ़ाने में काफी अधिक समय ले लिया है।
ब्रिटेन ने सिर्फ तीन दिन में मंजूरी दे दी थी। भारत में इस बात को लेकर महीना होने वाला है। इसका असर सप्लाई पर पड़ना तय है।’ एक अन्य अधिकारी ने बताया- ‘बहुत समय पहले ही बर्बाद हो चुका है, क्योंकि केंद्र सरकार के बजाए राज्य हमसे सीधे संपर्क कर रहे थे। ऐसा दुनिया के किसी भी देश में नहीं हो रहा था। इससे केवल भ्रम फैला और अनावश्यक देरी हुई।’