मेरठ कोल्ड स्टोरेज हादसे की आंखों देखी:खाना खा रहे थे तभी ब्लास्ट हुआ; मजदूरों को लगा बम फटा

# ## Meerut Zone

(www.arya-tv.com)  मेरठ के दौराला में शुक्रवार को कोल्ड स्टोरेज में अचानक गैस का बायलर फट गया। जिसके चलते 1 सेकंड में पूरी बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है। जबकि 16 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। हादसा लंच के वक्त हुआ, उस समय कुछ मजदूर खाना खा रहे थे, तो कुछ खाना बना रहे थे। अचानक लेंटर गिरने से सभी मलबे में दब गए। किसी के मुंह में रोटी का टुकड़ा फंसा रह गया, तो किसी की रोटी थाली में रखी रह गई।

हादसे में बचे मजदूरों का कहना है कि पता ही नहीं चला क्या हुआ, कैसे हुआ? बस अचानक तेज आवाज आई, ऐसा लगा जैसे किसी ने बम ब्लास्ट कर दिया हो। इसके बाद छत हम लोगों के ऊपर गिर पड़ी। हम मलबे में दबे गए।

‘रोटी बनाने के लिए चूल्हा जलाया और छत गिर पड़ी’

जम्मू के उधमपुर के रहने वाले रतन सिंह ने बताया,”हम 27 लोग ठेकेदार के साथ यहां मेरठ आज ही आए थे। यहां हम पहली बार काम करने आए हैं। हमें यहां आलू चुगाई का काम करना था। हम लोग कोल्ड स्टोरेज पर सुबह आकर उतरे थे। दोपहर में खाने की तैयारी हो रही थी। चूल्हा जलाया ही था। पता नहीं अचानक क्या हुआ, तेज आवाज आई और छत गिर पड़ी। हम मलबे में दबे मिले, बस यही याद है। हमारे कई साथी घायल हैं, वे अस्पताल में भर्ती हैं। कुछ मर भी गए।”

‘समझ नहीं आया क्या हुआ’

हादसे में घायल गोपाल को हाथ और पैर में चोट आई है। उन्होंने बताया, ”रोटी खाकर बैठे थे। दूसरे मजदूर साथी बोरी से पिट्‌ठू तैयार कर रहे थे। अचानक आवाज हुई और इमारत गिर गई। कोई नहीं समझ पाया क्या हुआ? कई साथी मलबे में दब गए, बाकी पता नहीं चला।

‘खाना बना रहे थे अचानक लगा भूकंप आया’

घायल नवरतन चंद को पैर और गले में काफी चोट आई है। नवरतन ने बताया, ”हम खाना बना रहे थे। तभी अचानक बिल्डिंग गिर गई। ऐसा लगा भूकंप आया हो। मेरा सारा सामान, बैग, पैसे मलबे में दब गए। हम बहुत गरीब हैं, अब समझ नहीं आ रहा क्या करें?