13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ उसके ही ट्यूटर ने 20 दिनों तक किया कई बार दुष्कर्म :आरोपी गिरफ्तार

# ## Lucknow
राजधानी लखनऊ में एक ट्यूशन टीचर की शर्मनाक करतूत सामने आई है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ उसके ही ट्यूटर ने 20 दिनों तक कई बार दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, जब छात्रा गर्भवती हो गई तो आरोपी ने दवा देकर उसका गर्भपात भी करा दिया और किसी को बताने पर जीवन बर्बाद करने की धमकी दी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब गर्भपात के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और उसने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित मूल रूप से बिजनौर जिले की रहने वाली है। यहां अपने परिवार के साथ सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रहती है। वह कक्षा-9 की छात्रा है। उसके माता-पिता सरकारी नौकरी करते हैं।
पीड़ित के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी टीचर वीर सिंह यादव उर्फ विराज अवध विहार योजना स्थित गोमती एन्क्लेव में रहता था। वह मूलरूप से बांदा जिले के बबेरू का रहने वाला है। वह बेटी को ट्यूशन पढ़ाने आता था। उसी दौरान बेटी के साथ उसने रेप किया।
20 दिन में कई बार रेप किया
आरोप है कि 22 जनवरी को किशोरी के माता-पिता अपने-अपने दफ्तर गए थे। दादी घर के बाहर धूप में बैठी थीं। टीचर ने छात्रा को घर में अकेला पाकर उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर जीवन खराब करने की धमकी दी। लोकलाज के चलते छात्रा शांत हो गई।
इसके बाद आरोपी ट्यूशन पढ़ाने के बहाने दोपहर में आने लगा और ब्लैकमेल करते हुए 12 फरवरी तक कई बार रेप किया। इन 20 दिनों के रेप से छात्रा गर्भवती हो गई तो दवा देकर उसका गर्भपात करा दिया। जीवन बर्बाद करने की धमकी देता रहा।