आकांक्षा ने सोशल मीडिया चैनल से कमाए 41 करोड़:मां मधू बोलीं- संजय के खाते में जाते थे पैसे

# ## Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के बाद हर दिन नई-नई बातें सामने आ रही हैं। अब आकांक्षा के मैनेजर ने कमाई का खुलासा किया है। आकांक्षा की मां मधू दुबे का दावा है कि बेटी ने सोशल मीडिया से करीब 41 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की है। इसके अलावा आकांक्षा के यूट्यूब और इंस्टाग्राम चैनलों की कमाई संजय सिंह के खातों में जमा की गई।

सोमवार को आकांक्षा दुबे की मां ने समर सिंह और आकांक्षा के मैनेजर से बात की। मैनेजर ने आकांक्षा की मां को बताया कि अभिनेत्री ऑफिशियल समेत अन्य यूट्यूब और सोशल मीडिया चैनल्स को संजय सिंह ने मोनेटाइज कराया था। इन सभी चैनल में संजय सिंह ने अपना खाता शामिल कराया था। हर गाने पर मिलने वाले लाखों रुपए संजय सिंह के खाते में जमा होती थी। मैनेजर ने दस्तावेजी साक्ष्य भी उपलब्ध कराने का बात कही है।

मधु दुबे का दावा, आकांक्षा के गानों से कमाए 41 करोड़
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधू दुबे ने समर सिंह और संजय सिंह पर उनकी बेटी की कमाई हड़पने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि समर सिंह इंटरप्राइजेज में आकांक्षा और समर सिंह के गानों ने सोशल मीडिया पर जमकर कमाई की। आकांक्षा के साथ फिल्माए गानों से अब तक 41 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की। इसके साक्ष्य मेरे पास हैं और इन्हें न्यायालय में पेश करुंगी।

उन्होंने बताया कि समर इंटरप्राइजेज चैनल में आकांक्षा भी पार्टनर थी, लेकिन उससे चेकों पर दस्तखत करा लिए गए थे। उस अकाउंट का पासवर्ड संजय सिंह के पास था। दोनों आकांक्षा का उत्पीड़न करते थे और कमाई का रुपया भी नहीं देते थे। मधु ने खातों का डिटेल जुटाने और खाते सीज कराने की मांग की।

निरस्त हो चुकी है समर सिंह की जमानत
भोजपुरी अभिनेत्री की मौत के मामले में आरोपी सिंगर समर सिंह की जमानत वाराणसी जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश खारिज कर चुके हैं। उनकी अदालत ने वारदात से जुड़े CCTV फुटेज खंगालने और विवेचना देखकर मामले को गंभीर बताते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया।

मालीक्यू बार और होटल सोमेंद्र के CCTV फुटेज में ठीक दिख रही आकांक्षा की मौत के सभी पहलुओं का बारीकी से जांच करने की बात कही। घटना की सुबह कॉल डिटेल रिकॉर्ड में आरोपी की लोकेशन बनारस में मिलने को संदेह माना गया है। दो महीने में समर की आकांक्षा से 390 बार बात हुई, इसमें 95 बार समर ने ही कॉल की थी।

26 मार्च को होटल में मिला था आकांक्षा का शव
सारनाथ में 26 मार्च को भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव होटल के कमरे में लटकता मिला था। पुलिस ने मामले को आत्महत्या बताया। लेकिन, मां मधु दुबे इसे हत्या बता रही हैं। इसमें समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया।

इसके बाद पुलिस ने गायक समर सिंह को 6 अप्रैल की देर रात गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया था। समर सिंह के दोस्त संजय सिंह को 12 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था। जिला और सत्र न्यायाधीश की अदालत की ओर से जमानत खारिज होने के बाद समर सिंह वाराणसी जिला कारागार में बंद है