- सुल्तानपुर को मिला नया मुख्य विकास अधिकारी, विनय कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार
सुल्तानपुर। जनपद सुल्तानपुर को नया मुख्य विकास अधिकारी मिल गया है। नवागत मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने आज औपचारिक रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने जनपद में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों से समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।
विनय कुमार सिंह वर्ष 2010 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए शासन-प्रशासन में व्यापक अनुभव अर्जित किया है। सुल्तानपुर आने से पूर्व वे जनपद मुरादाबाद में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) तथा जनपद बिजनौर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/ई) के पद पर तैनात रह चुके हैं, जहां उनके कार्यों को सराहा गया।
हाल ही में आईएएस कैडर में पदोन्नति के उपरांत उन्हें पहली बार जिला मुख्य विकास अधिकारी के रूप में तैनाती मिली है। सुल्तानपुर जनपद की विकास संबंधी जिम्मेदारी संभालना उनके प्रशासनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
मूल रूप से जनपद देवरिया के निवासी विनय कुमार सिंह की प्रारंभिक शिक्षा भी देवरिया से ही हुई है। वे सरल व्यक्तित्व, अनुशासित कार्यशैली और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए जाने जाते हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, मनरेगा, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। नवागत सीडीओ के आगमन से जनपद सुल्तानपुर में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही।
