लखनऊ(राहुल तिवारी)। उत्तर प्रदेश सरकार के फैसले के बाद राजधानी लखनऊ व नोएडा में पुलिस कमिश्नर की तैनाती कर दी गयी है। राजधानी लखनऊ में 40 शहरी थानों की कमान पुलिस कमिश्नर के हाथ होगी। लखनऊ के लिए ये गर्व की बात है कि यहां के पहले पुलिस कमिश्नर के रूप में उस तेज तर्रार आईपीएस के नाम को चुना गया है जिसने यहां पर आईजी जोन रहते हुए एक नही कई बड़े और उलझे हुए केसों को वर्कआउट किया था। हम बात कर रहे हैं लखनऊ के पहले पुलिस कमिश्नर बनाये गये एडीजी सुजीत कुमार पाण्डेय की।
राजधानी में जब कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा हाती है तो बहुचर्चित विवेक तिवारी हत्याकाण्ड का जिक्र जरूर आता है। विवेक तिवारी हत्याकाण्ड ने सरकार को भी हिला कर रख दिया था जिसकी छिंटे पुलिस के दामन पर भी पड़ीं थीं। सीएम योगी ने इस हत्याकाण्ड को लेकर उठ रही सीबीआई जांच की मांग को अनसुना कर एसआईटी का गठन किया और उसकी कमान तत्कालीन आईजी जोन रहे सुजीत कुमार पाण्डेय को सौंपी थी। श्री पाण्डेय ने सीएम की उम्मीद पर खरा उतरते हुए विवेक तिवारी हत्याकाण्ड का खुलासा भी किया और दोषी पुलिसकर्मियों को जेल की सलाखों के पीछे पंहुचाने का काम भी किया।
यही नही जब दिन दहाड़े राजभवन जैसे पॉश ईलाके में बदमाशों ने कैश वैन के चालक और गार्ड को गोली मार कर लूट की घटना को अंजाम दिया तो राजधानी पुलिस एक बार फिर से कटघरे में खड़ी होती दिखी इस बार भी सुजीत कुमार पाण्डेय और उनकी टीम ने पुलिस की साख को बचाते हुए इस ब्लांड केस को वर्कआउट किया। इसके अलावा संस्कृति हत्याकाण्ड का भी खुलासा चर्चा का विषय रहा क्योकि यह केस भी ब्लांड था।
इसी तरह जब लखनऊ के एक व्यवसायी पुत्र का अपहरण हआ तो उस चुनौती को भी इस पुलिस अफसर ने चुनौती के रूप में स्वीकार किया और कुछ घण्टों के अंदर ही बालक को सकुशल सीतापुर से बरामद कर आरोपियों को जेल पंहुचाया। ये सब मामले तो बानगी भर हैं सुजीत कुमार पाण्डेय आई जोन रहने के दौरान लगातार अपनी तेज तर्रार छवि से चर्चा में बने रहे।
जब उन्हे प्रोन्नत कर एडीजी बनाया गया तो लोगों को लगा कि उन्हे एडीजी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी शासन सौंपेगा पर ऐसा नही हुआ काफी समय तक वे गुमनामी में भी रहे और उनके प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली जाने की भी चर्चा हुई पर ऐसा नही हुआ।
सरकार ने उन्हे अपनी प्राथमिकता वाले जिले प्रयागराज का एडीजी बनाया और तब से वे अब तक इसी पद पर तैनात थे। प्रयागराज में भी उनका कार्यकाल शानदार रहा। सुजीत कुमार पाण्डेय संभवत: कल लखनऊ के पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभालेंगे। राजधानी पुलिस अपने पहले पुलिस कमिश्नर का स्वागत करने की तैयारी में जुट गयी। साथ ही लोगों को दबंग फिल्म का वह डॉयलाग भी याद आ रहा है कि स्वागत नही करोगे हमारा।
