(www.arya-tv.com)आज यानी बुधवार (21 जून) को सेंसेक्स ने 260.61 अंकों की बढ़त के साथ 63,588.31 का आंकड़ा छू लिया। इससे पहले सेंसेक्स का ऑल टाइम हाई 63,583.07 था, जो दिसंबर 2022 में बना था। यानी सेंसेक्स ने ऊंचाई का छह महीने पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सेंसेक्स 195 अंक चढ़कर 63,523 के स्तर पर बंद हुआ। इसके 14 शेयरों में तेजी और 16 में गिरावट रही।
इधर, निफ्टी ऑलटाइम हाई के करीब पहुंचा। दिन के कारोबार में ये 18,875.90 के स्तर तक पहुंचा। निफ्टी का ऑलटाइम हाई 18,887.60 है। ये 40 अंक चढ़कर 18,856 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी पर ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। बैंक, आईटी से लेकर ऑयल एंड गैस और मीडिया में तेजी रही। ऑटो, FMCG, रियल्टी और मेटल में गिरावट दिखी।
15 साल में 10 हजार से 60,000 पर पहुंचा बाजार
25 जुलाई 1990 को BSE सेंसेक्स ने पहली बार 1 हजार के स्तर को छुआ था। 1 हजार से 10 हजार तक आने में इसे तकरीबन 16 साल लगे (6 फरवरी 2006), लेकिन 10 हजार से 60 हजार तक के सफर को केवल 15 साल में पूरा कर लिया।
कल सेंसेक्स 159 अंक चढ़कर बंद हुआ था
सेंसेक्स कल यानी मंगलवार को 159 अंक बढ़कर 63,327 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 61 भी अंक की बढ़त रही, और ये 18,816 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में बढ़त और 12 में गिरावट देखने को मिली थी।
कल के कारोबार में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए थे। पावर और ऑटो इंडेक्स 1% की बढ़त लेकर बंद हुआ। वहीं मेटल और IT सेक्टर में 0.5% की तेजी रही।
रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे कमजोर होकर 82.12 रुपए पर बंद हुआ।