(www.arya-tv.com) आगरा में गुरुवार रात एक बेटे ने अपने सौतेले पिता की ईंट मारकर हत्या कर दी। वारदात से पहले बेटा और बाप के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। थाना ताजगंज स्थित ताजनगरी फेस-दो में रात को एक व्यक्ति की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतक 55 वर्षीय आरिफ ताजनगरी फेस-दो में एक स्कूल चौकीदार था। वह मूलरूप से नाई की मंडी आगरा का रहने वाला था। आरिफ ने ताजगंज की एक महिला से निकाह कर लिया था। महिला का 22 साल का बेटा इमरान इससे नाराज चल रहा था। इमरान अक्सर शराब पी लेता था, इसके बाद घर में आए दिन विवाद होता रहता था। गुरुवार रात करीब 11 बजे इमरान नशे की हालत में सौतेले पिता आरिफ के पास गया और उससे कहासुनी करने लगा। जब बेटे ने ज्यादा हंगामा किया तो पिता ने भी उसे कुछ बोल दिया। गुस्से में आकर इमरान ने आरिफ के सिर में पास में पड़ी ईंट को मर दिया। जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े।
वारदात के बाद बेटा फरार
घटना के बाद आसपास लोग आरिफ को लेकर पास के हॉस्पिटल में पहुंचे। डॉक्टरों ने आरिफ को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उधर वारदात को अंजाम देकर इमरान फरार हो गया है। पुलिस इमरान की तलाश में जुट गई है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई कर रही है।
