वाराणसी: मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में हुए नाव हादसे के बाद धार्मिक नगरी काशी में पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। गंगा नदी में सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर नौका संचालन करने पर रविवार को दशाश्वमेध और भेलूपुर थाना क्षेत्रों में छह नाविकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही तीन नावों को सीज कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए नाविकों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं कि बिना लाइफ जैकेट पहनाए किसी भी यात्री को नाव पर न बैठाया जाए। इसके बावजूद रविवार शाम चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में कई नाविक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में मीरघाट के सामने गंगा में चेकिंग के दौरान चंदौली निवासी विशाल निषाद तथा रामनगर निवासी मुकेश साहनी और अजीत साहनी की नावों पर बिना लाइफ जैकेट के सवारियां मिलीं। तीनों नाविकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, गंगा आरती समाप्त होने के बाद सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार पुलिस बल के साथ गंगा में नाव से चेकिंग अभियान पर निकले।
उन्होंने बताया कि घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी नाविक को क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने या बिना सुरक्षा इंतजाम के संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। चेकिंग के दौरान तीन अन्य नाविक भी नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर तीन नावों को सीज कर दिया गया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
