किंगमेकर बने शरद पवार, बीजेपी की बढ़ी परेशानी

# ## National

मुंबई। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमासान के बीच एनसीपी प्रमुख शरद पवार किंगमेकर की भूमिका में आ गए हैं। शिवसेना और एनसीपी के बीच पक रही खिचड़ी से बीजेपी खेमा परेशान है। वह अलग बात है कि बीजेपी लगातार सरकार बनाने का दावा कर रही है। इस घामासान के बीच महाराष्ट्र की कमान कौन संभालेगा इसकी तस्वीर शरद पवार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के मुलाकात के बाद साफ हो जाएगी।

महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी के बीच 50—50 को लेकर चल रही तनातनी के बीच एनसीपी प्रमुख शरद पवार की भूमिका बेहद अहम हो गई है। यही वजह है कि शिवसेना भी एनसीपी से हाथ मिलाने के लिए बेताब है। शिवसेना नेताओं ने एनसीपी के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात भी की है। माना जा रहा है शिवसेना ने शरद पवार के सामने एनसीपी के समर्थन से सरकार बनाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि इसके बावजूद एनसीपी ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

सोमवार को सोनिया गांधी और शरद पवार के बीच मुलाकात होगी। इसके बाद ही शरद पवार अपने पत्ते खोलेंगे। आपको बता दें कि विधानसभा चुनाव में शिवसेना ने 56 और बीजेपी ने 105 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि एनसीपी को 54, कांग्रेस को 44 और अन्य को 29 सीटें मिली हैं।

महाराष्ट्र में कुल 288 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 145 सीटों की जरूरत पड़ती है। बीजेपी औ​र शिवसेना मिलकर सरकार बना सकती है। हालांकि दोनों में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर तनाव बना है। वहीं एनसीपी और शिवसेना के बीच नजदीकियां बढ़ रही हैं। हालांकि दोनों मिल भी जाएंगे तो 110 सीटें ही होती हैं हालांकि अगर इस गठबंधन में कांग्रेस का भी साथ मिल जाए तो बात बन जाएगी।

सोमवार को पवार की सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की तस्वीर साफ हो जाएगी।