जवान रिलीज से पहले हाई सिक्योरिटी के बीच फेस कवर करके वैष्णो देवी पहुंचे शाहरुख

## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com)  शाहरुख खान अपनी अपकमिंग फिल्म जवान की रिलीज से पहले वैष्णो देवी दर्शन करने पहुंचे। वे नीले रंग की हुडी में थे, उनका चेहरा पूरी तरह ढका दिख रहा है। उन्होंने चेहरे पर काले रंग का मास्क भी लगाया हुआ है।

शाहरुख के आस-पास सुरक्षाबलों का एक घेरा देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि वे बीती रात ही जम्मू के कटरा पहुंचे। पठान की रिलीज के वक्त भी शाहरुख वैष्णो देवी पहुंचे थे। उस वक्त फिल्म के एक गाने बेशरम रंग पर काफी विवाद हुआ था।

शाहरुख मंगलवार को मंदिर पहुंचे, रात 11 बजे दर्शन किया
वीडियो में देखा जा सकता है कि शाहरुख खान के सुरक्षा गार्ड लोगों से फोटोज लेने को मना कर रहे हैं। उनके आस-पास भीड़ देखी जा सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख मंगलवार रात 9.30 बजे कटरा पहुंचे। उन्होंने कुछ देर एक स्थानीय होटल में आराम किया। इसके बाद करीब 11 बजे मंदिर पहुंचकर दर्शन किया।

शाहरुख रात में ही वहां से लौट आए। वे आज यानी 30 सितंबर को जवान का ऑडियो लॉन्च इवेंट अटेंड करने के लिए चेन्नई में रहेंगे।

पिछले साल वैष्णो देवी पहुंचने पर हुए थे ट्रोल
इससे पहले दिसंबर 2022 में शाहरुख खान वैष्णो देवी पहुंचे थे। उस वक्त उनकी फिल्म पठान रिलीज होने वाली थी। शाहरुख की कुछ तस्वीरें भी सामने आई थीं। इन तस्वीरों में शाहरुख टीका लगाए दिखाई दिए थे।

शाहरुख को इसके लिए ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा था। ट्रोलर्स ने उस वक्त कहा कि शाहरुख अपनी फिल्म को हिट कराने के लिए हिंदू बनने का नाटक कर रहे हैं।

सभी धर्मों को सम्मान देते हैं शाहरुख, अपने बच्चों को धर्म में नहीं बांटना चाहते
शाहरुख खान की पत्नी गौरी एक हिंदू हैं। शाहरुख कई मौकों पर कह चुके हैं कि उनके घर में किसी खास धर्म को वरीयता नहीं दी जाती है। उनके घर में दिवाली और ईद समान हर्षोल्लास से मनाई जाती है। शाहरुख हमेशा ये कहते हैं कि उनके मन में सभी धर्मों के लिए एक तरीके का सम्मान है।

2013 में आउटलुक टर्निंग पॉइंट्स से बात करते हुए शाहरुख ने कहा था- मैं नहीं चाहता कि मेरे बच्चे धर्म की बेड़ियों में फंसे रहें। जब मेरे बच्चे पूछते हैं कि वे किस धर्म के हैं, तो मैं उनसे यही कहता हूं कि पहले तुम एक भारतीय हो। तुम्हारा धर्म इंसानियत है।

बुर्ज खलीफा पर लॉन्च होगा जवान का ट्रेलर
आज यानी बुधवार को चेन्नई में जवान का ऑडियो लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद शाहरुख कल (31 अगस्त) को फिल्म का ट्रेलर बुर्ज खलीफा पर लॉन्च करेंगे। शाहरुख ने पहले ही सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी थी।

उन्होंने बुर्ज खलीफा की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘जवान का जश्न मैं आपके साथ ना मनाऊं ये हो नहीं सकता। आ रहा हूं मैं बुर्ज खलीफा पर 31 अगस्त की रात 9 बजे। मेरे साथ जवान को सेलिब्रेट कीजिए।’