- आर्यवीर 2025 खेल महोत्सव का दूसरा दिन कई मुकाबले हुए
आर्यकुल ग्रुप ऑफ कालेज में आयोजित आर्यवीर 2025 खेल महोत्सव के दूसरे दिन ने कॉलेज कैंपस में उमंग और उत्साह का वातावरण बना दिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और देशभक्ति के पल ने इस दिन को यादगार बना दिया। इस दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा का बखूबी प्रदर्शन किया। इस दिन की प्रमुख आकर्षण खेल प्रतियोगिताएं रही, जिनमें छात्रों ने शारीरिक और मानसिक दृढ़ता का अद्भुत प्रदर्शन किया। ट्रैक और फील्ड इवेंट्स, रिले रेस, बास्केटबॉल और फुटबॉल जैसी प्रतिस्पर्धाओं में कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीता। विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया, जिससे वातावरण में जबरदस्त ऊर्जा महसूस हो रही थी। टीमों ने एक दूसरे को उत्साहित किया और जीत के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा की।

50 मीटर रिले रेस में पुरुष और महिला वर्ग दोनों में नालंदा टीम ने जीत हासिल की, वहीं 100 मीटर रिले रेस में पुरुष वर्ग में वल्लभी टीम और महिला वर्ग में नालंदा टीम ने जीत प्राप्त की। दूसरे मुकाबले बंधी टांग में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में नालंदा टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। ट्रिपल लेग रेस में पुरुष वर्ग में नालंदा टीम और महिला वर्ग में वल्लभी टीम ने जीत दर्ज की। रिले रेस में पुरुष वर्ग में तक्षशिला टीम और महिला वर्ग में वल्लभी टीम ने गोल्ड जीते। शॉट पुट में पुरुष वर्ग में उज्जैन टीम और महिला वर्ग में वल्लभी टीम ने शीर्ष स्थान हासिल किया। जव्लिन थ्रो में दोनों पुरुष और महिला वर्गों में तक्षशिला टीम ने जीत हासिल की। डिस्क थ्रो में पुरुष वर्ग में तक्षशिला टीम और महिला वर्ग में नालंदा टीम ने गोल्ड जीते। ऊँची कूद में पुरुष और महिला वर्ग दोनों में नालंदा टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। टू डॉग वन बोन में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में वल्लभी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इस दौरान सभी टीमों ने अपनी बेहतरीन प्रतिभा और मेहनत से खेलों में एक नया उत्साह भर दिया। आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के छात्रों ने देशभक्ति का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इस दौरान छात्रों, शिक्षकगण और स्टाफ ने एक साथ मिलकर इस प्रेरणादायक गीत को गाया, जिससे कॉलेज में देशप्रेम और एकता का संदेश प्रसारित हुआ।

कॉलेज के निदेशक डॉ. सशक्त सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह आर्यवीर 2025 खेल महोत्सव का दूसरा दिन है, यह केवल एक खेल महोत्सव नहीं है, बल्कि यह एक उत्सव है हमारे सामूहिक आत्मविश्वास, परिश्रम और अनुशासन का। जिसमें न केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन होता है, बल्कि हर प्रतियोगी का मानसिक साहस और संघर्ष की भावना भी उजागर होती है। जब आप खेलते हैं, तो आप केवल एक खेल मैदान में नहीं होते, बल्कि आप जीवन के असली खेल में भी हिस्सा ले रहे होते हैं। आप अपने डर को, अपनी असुरक्षाओं को, और हर वह चुनौती जिसे आपने खुद के सामने रखा है, उसे पार करने का एक सुनहरा अवसर प्राप्त करते हैं। यही सच्ची जीत है। आर्यवीर महोत्सव केवल खेलों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा अवसर है जहां हम सभी एक साथ मिलकर सीखते हैं कि आत्मविश्वास ही किसी भी संघर्ष से उबरने की ताकत देता है।
शिक्षा संकाय की प्रधानाचार्या डॉ. अंकिता अग्रवाल ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के मुकाबलों में हमारे विद्यार्थियों ने जो उत्साह, समर्पण और परिश्रम दिखाया, वह वास्तव में प्रशंसा योग्य है। हर खेल प्रतियोगिता ने हमारी टीम भावना को मजबूत किया और हमें एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। खेल महोत्सव के इस मंच ने न केवल शारीरिक कौशल को उभारने का कार्य किया, बल्कि मानसिक दृढ़ता, समर्पण और प्रतिस्पर्धा के महत्व को भी हमारे सामने लाया है। यह महोत्सव हमें यह सिखाता है कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि सही मानसिकता और मेहनत की भी आवश्यकता होती है।
आर्यवीर 2025 खेल महोत्सव के अगले दिनों में भी कई रोमांचक खेलों का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस की समग्र विजय टीम का ऐलान किया जाएगा। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष शिक्षा संकाय प्रणव पाण्डेय, प्रोफेसर एस.सी. तिवारी, डॉ. गौरव मिश्र, राजेश मौर्य,डॉ. रेखा सिंह, विनीता दीक्षित,अभिषेक राय, मुस्कान राजपुत सहित विभाग के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
