गोरखपुर (www.arya-tv.com) संतकबीर नगर जिले के धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी तेजी से कटान कर रही है। विभागीय कर्मी कटान रोकने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कटान बंद नहीं हो रही है। इसकी वजह से तुर्कवलिया गांव के पास स्थित एमबीडी बंधे पर खतरा मंडरा रहा है। इस बंधे के आसपास के गांवों के लोग भयभीत हैं। इन्हें घर-खेती की बर्बादी की चिंता सता रही है।
नदी का जलस्तर घटकर हुआ 78.200 मीटर
तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर 78.300 मीटर था। वहीं गुरुवार को नदी का जलस्तर घटकर 78.200 मीटर पर पहुंच गया है। नदी का खतरे का निशान 79.350 मीटर है। वर्तमान में यह नदी खतरा निशान से 150 मीटर नीचे बह रही है। पिछले कई दिनों से नदी के जलस्तर में गिरावट जारी है। इसकी वजह से नदी तुर्कवलिया गांव के पास लगभग 500 मीटर के दायरे में तेजी से कटान कर रही है। इस गांव के पास एमबीडी बंधा है। इस बंधे को बचाने के लिए ड्रैनेज खंड के कर्मी बोल्डर बिछा रहे हैं। बालू व मिट्टी भरी बोरी डाल रहे हैं। कटान के चलते यह सब नदी में समा जा रहा है।
बंधे के पास नीचे से कटान कर रही नदी
अब नदी बंधे के पास नीचे से कटान कर रही है। तुर्कवलिया गांव निवासी रघुवंश, वीरेंद्र, संदीप, जगलाल, सुलेमान आदि लोगों का कहना है कि नीचे से कटान होने के कारण बंधे पर खतरा बढ़ गया है। यदि कटान को रोकने के लिए प्रभावी पहल नहीं की गई तो कभी भी बंधा कट सकता है। यदि ऐसा हुआ तो तबाही निश्चित है। ड्रैनेज खंड के सहायक अभियंता सतीश चंद्र ने बताया कि कटान को रोकने के लिए प्रयास जारी है। बोल्डर भी मंगवाया जा रहा है। जहां भी कटान हो रही है, बोल्डर से कटान को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। बंधा सुरक्षित है, इस पर नजर रखी जा रही है।
कटान स्थल को देखने पहुंचे एसडीएम
धनघटा तहसील के एसडीएम योगेश्वर सिंह तुर्कवलिया गांव स्थित कटान स्थल का जायजा लिया। इसी दौरान भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल भी यहां पर पहुंच गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम से कहा कि कटान को रोकने के लिए प्रभावी पहल किया जाए। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर भाजपा के लोहरैया मंडल के अध्यक्ष दिलीप राय, राजू राणा, अभिषेक श्रीवास्तव, नीतेश राय, सच्चिदानंद निगम के अलावा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।