लखनऊ कोर्ट में पेश हुईं सपना चौधरी:मास्क लगाकर चुुपचाप घंटों पुलिस सुरक्षा में बैठीं

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी बुधवार को लखनऊ कोर्ट में गुपचुप तरीके से पेश हुईं। मुंह पर मास्क लगाकर चुपचाप लखनऊ SJM 5 की कोर्ट में 3 घंटे तक बैठी रहीं। वह धोखाधड़ी मामले में अंतरिम जमानत पर चल रही हैं। सपना के खिलाफ तीन साल पहले आशियाना थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था।

मास्क लगाकर चुपचाप बैठी रहीं

सपना चौधरी लखनऊ कोर्ट में मास्क लगाकर चुपचाप इस तरह बैठी थीं, ताकि वहां लोग उन्हें पहचान ना पाएं। घंटों वो पुलिस अभिरक्षा में बैठी रहीं। कोर्ट ने उन्हें 25 मई तक के लिए अंतरिम जमानत दी थी। समय पूरा होते ही वो खुद कोर्ट में सरेंडर करने पहुंची। कोर्ट ने उन्हें कुछ घंटे के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखा। शाम करीब 5 बजे सुनवाई के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। इसके साथ ही उनकी अंतरिम जमानत को 8 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

2018 में दर्ज हुआ था मुकदमा

सपना चौधरी के खिलाफ अक्टूबर 2018 में आशियाना थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ था। दरअसल, आशियाना के स्टेटस क्लब में सपना चौधरी का एक शो होना था, उन्होंने उसके पैसे ले लिए थे। लेकिन वो लखनऊ आ कर भी शो में नहीं पहुंची। जिस पर वहां मौजूद लोगों ने खूब तमाशा किया और कुर्सियां तोड़ीं। शो के लिए सैकड़ों लोगों ने टिकट खरीदे थे। लोगों ने आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। FIR में सपना चौधरी का भी नाम था। कोर्ट ने कई बार उन्हें समन किया लेकिन वो नहीं आईं।

सपना को 8 जून तक राहत

गौरतलब है कि कोर्ट में पेश न होने पर पिछले साल 17 नवंबर, 2021 को सपना चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। जिसके बाद 23 नवंबर, 2021 को सपना चौधरी ने गिरफ्तारी वारंट निरस्त करने की मांग की थी। जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। फिर 21 दिसंबर, 2021 को सपना चौधरी की अग्रिम जमानत अर्जी भी खारिज कर दी गई थी। इसके बाद 25 मई को उनको अंतरिम जमानत मिली थी। जिसको 8 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है।