(www.arya-tv.com) अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में आरोपी सिंगर समर और संजय के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हुआ है। पुलिस को आशंका है कि दोनों विदेश भाग सकते हैं। पुलिस दोनों की 10 दिन से तलाश कर रही है। अब तक चार राज्यों के 9 शहर और 50 से अधिक ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी गई है।
चार टीमों ने शहर से लेकर गांवों तक खाक छानी। सिंगर के रिश्तेदारों, भोजपुरी कलाकारों समेत 100 से अधिक करीबियों से पूछताछ की। मगर, दोनों आरोपियों का अभी तक पता नहीं लग सका है। इधर, पुलिस ने गुरुवार को शासन और उच्च अधिकारियों को इनाम की घोषणा के लिए पत्रावली भेजी है। अप्रूवल मिलने के बाद दोनों पर इनाम घोषित किया जाएगा।
समर पर 25 हजार तक घोषित हो सकता है इनाम
पुलिस के मुताबिक, गायक समर सिंह और संजय को पकड़वाने वाले का नाम गोपनीय रखने की प्लानिंग है। पुलिस सूत्रों की मानें तो समर सिंह पर पुलिस 25 हजार का इनाम घोषित करने की तैयारी में है। मुंबई और पटना से टीमों के लौटने के बाद समर सिंह को इनामिया बनाने की कवायद तेज हो जाएगी। एसीपी संतोष सिंह ने बताया कि चंद दिनों में ही दोनों आरोपियों पर इनाम घोषित कर दिया जाएगा। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी को भेजा लुकआउट नोटिस
पुलिस ने लुकआउट नोटिस की सूचना एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भेजा है। इसके साथ देश भर के एयरपोर्ट प्रबंधन को भी अलर्ट किया गया है। यही नहीं प्रदेश के सभी थानों में भी नोटिस भेजा गया है। पुलिस दोनों की तलाश के लिए अब टीमें भी बढ़ाने वाली है। साथ ही सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करेगी।
तलाश के लिए चार टीमें जुटी
पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद पूर्वांचल से लेकर बिहार और झारखंड के अलावा पुलिस टीमें मुंबई में डेरा डाले हैं। एसीपी सारनाथ ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। संभावित ठिकानों के साथ ही कई नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं, दोनों आरोपियों के फोन बंद जा रहे हैं।
मां ने दर्ज कराया था समर सिंह पर केस
26 मार्च को सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में आकांक्षा दुबे मृत पड़ी मिली थीं। उनकी मां मधु दुबे की तहरीर पर 27 मार्च को सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मौत का कारण अब तक पहेली
आकांक्षा दुबे की मौत का कारण अब तक स्पष्ट हो नहीं सका। वहीं सामने आए वीडियो भी नई कहानी सुना रहे हैं। चंद घंटे पहले की इन तमाम वीडियो में आकांक्षा पूरी तरह से नॉर्मल और खुश नजर आ रही हैं। इसके कुछ देर बाद सुसाइड से पहले वह इंस्टाग्राम पर लाइव थीं। इसमें वह फूट-फूटकर रोती नजर आईं। लेकिन, मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं है। सवाल उठ रहे कि आकांक्षा किसी दबाव में थी? ऐसा कदम क्यों उठाया? इन सवालों के जवाब एक सप्ताह बाद भी नहीं मिले हैं।