UP में कौन होगा विप का सभापति?:सपा ने चुनाव की मांग उठाई

UP

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के 8 सदस्यों का कल कार्यकाल खत्म हो रहा है। इसमें सभापति रमेश यादव भी शामिल है। यह पद एक दिन भी खाली नहीं रहना चाहिए। ऐसे में सपा और भाजपा के बीच इस कुर्सी को लेकर शह-मात का खेल शुरू हो गया है। चर्चा है कि भाजपा राज्यपाल से गैर सपा सदस्य को प्रोटेम स्पीकर नामित करा सकती है। इसको लेकर वाराणसी से MLC लक्ष्मण आचार्य का नाम चर्चा में है। वहीं, शुक्रवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों के साथ बैठकर विधान परिषद के सभापति का चुनाव कराए जाने का मुद्दा उठाया है। राज्यपाल से लोकतांत्रित परंपराओं की रक्षा किए जाने की मांग की गई है।

सपा ने जताई ये आशंका

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि विधान परिषद में लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने यह आशंका जताई कि स्थापित मान्यताओं के विपरीत भाजपा प्रोटेम स्पीकर राज्यपाल से नियुक्त करा सकती है। भाजपा के पास विधान परिषद में न तो बहुमत है और नहीं वरिष्ठतम कार्यकाल का कोई विधान परिषद सदस्य है। समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्यों ने वरिष्ठतम सदस्य को प्रोटेम सभापति बनाए जाने और निर्वाचन कराए जाने की मांग की है।

अहमद हसन सबसे वरिष्ठ नेता

बता दें कि सपा नेता अहमद हसन विधान परिषद में सबसे अधिक उम्रदराज व अनुभवी नेता हैं। वे लगातार 5वीं बार इस मर्तबा विधान परिषद सदस्य बने हैं। सपा सूत्रों की मानें तो राज्यपाल ने वरिष्ठतम सदस्य होने के नाते यदि अहमद हसन को प्रोटेम सभापति मनोनीत नहीं किया तो सपा नवनियुक्त प्रोटेम स्पीकार के खिलाफ संकल्प ला सकती है।