(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 12 सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अहमद हसन और राजेंद्र चौधरी ने अपना नामांकन प्रपत्र दाखिल किया। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद थे। अखिलेश ने भरोसा जताया है कि उनके दोनों प्रत्याशी चुनाव जीतकर विधान परिषद सदस्य पहुंचेंगे।
मायावती को दी जन्मदिन की बधाई
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी मायावती के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी है। मायावती के द्वारा विधानसभा चुनाव में किसी पार्टी से गठबंधन न करने के ऐलान पर जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह किसी दल का फैसला है, उस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि वे इस दौरान भाजपा सरकार पर निशाना साधना नहीं भूले। पूछा कि देश और प्रदेश की सरकार बताए कि जनता को फ्री वैक्सीन कब मिलेगी?
रोचक बना UP का MLC चुनाव
28 जनवरी को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों पर चुनाव होना है। संख्याबल के हिसाब से भाजपा 10 सीटों पर आसानी से चुनाव जीत सकती है। वहीं सपा एक सीट पर आसानी से चुनाव जीत सकती है। लेकिन सपा ने दो उम्मीदवार उतारे हैं। एक सीट को जिताने के लिए 31 विधायकों की जरूरत पड़ेगी। वर्तमान में सपा के पास 49 विधायक हैं। इनमें नितिन अग्रवाल बागी हैं।
शिवपाल यादव अपनी अलग पार्टी बना चुके हैं। ऐसे में सपा की संख्या 47 हो जाती है। 31 वोट के बाद 16 विधायक ही बचते हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि विपक्षी दल के विधायक सपा की मदद कर सकते हैं।
