गोरखपुर (www.arya-tv.com) फर्टिलाइजर परिसर में सैनिक स्कूल का निर्माण एक अक्टूबर से शुरू हो चुका है। चहारदिवारी बनाने का काम चल रहा है। जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। 18 महीने में यानी मार्च 2023 तक यह काम पूरा करना होगा।
फर्टिलाइजर परिसर में होगा निर्माण
फर्टिलाइजर परिसर में 50 एकड़ जमीन पर सैनिक स्कूल का निर्माण किया जाएगा। इसपर करीब 154 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूल का शिलान्यास किया था, जिसके बाद चहारदिवारी निर्माण का काम शुरू कर दिया गया था। जमीन के भू उपयोग से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आ रही थी। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) बोर्ड ने भूखंड के भू उपयोग में परिवर्तन की मंजूरी देकर इस समस्या का निराकरण कर दिया है।
निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश
शासन ने सैनिक स्कूल की प्रगति को लेकर मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद एवं जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की थी। जीडीए की ओर से बताया गया कि भूखंड से जुड़े मामले का निराकरण करा दिया गया है। शासन की ओर से स्कूल के काम को और तेज करने को कहा गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विजय किरन आनंद बुधवार को फर्टिलाइजर परिसर पहुंचे थे। उन्होंने स्कूल के लिए चिह्नित जमीन का निरीक्षण किया और चहारदिवारी के कार्य की गुणवत्ता भी देखी। जिलाधिकारी ने कहा कि समय से काम पूरा कर लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर देखी खाद कारखाना की तैयारियां
सैनिक स्कूल का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी खाद कारखाना पहुंचे। उन्होंने हिन्दुस्तान उर्वरक रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के अधिकारियों के साथ बैठक कर वहां की तैयारियों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में खाद कारखाने का लोकार्पण करने गोरखपुर आ सकते हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। उसी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने बुधवार को वहां तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बताया कि खाद कारखाना में सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।