हमने दूसरों का लिखा इतिहास पढ़ा, अब अपनी नजर से समझ रहे:मोहन भागवत

# ## National

(www.arya-tv.com) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को दिल्ली में अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसकी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा- यह तथ्यों पर आधारित फिल्म है। ये जो संदेश देती है, उसकी आज देश को जरूरत है। अब तक हम दूसरों के द्वारा लिखा हुआ इतिहास पढ़ते आए थे। अब हम भारतीय नजरिये से अपने इतिहास की तरफ देख रहे हैं।

भागवत ने कहा- पृथ्वीराज चौहान, मोहम्मद गोरी, मत चूको चौहान यह सब हम पहले भी पढ़ चुके हैं, लेकिन ये सब किसी और ने लिखा था। भारत की भाषा में भारत में लिखा हुआ, जो चित्रित किया गया है, वो आज हमने पहली बार हम देख रहे हैं। हमारे इतिहास को हम अपनी नजर से अपने हृदय से समझ रहे हैं। इसे समझने का मौका देशवासियों को मिलेगा तो निश्चित ही इसका परिणाम देश के भविष्य के लिए अच्छा होगा। भारतवासी सब एक होकर भारत के सम्मान की रक्षा करने में उस प्रकार से पराक्रमी होंगे, जिस प्रकार से पराक्रमी लोगों को इस फिल्म में दिखाया गया है।

गुरुवार को कहा था- हम इतिहास नहीं बदल सकते

ज्ञानवापी विवाद पर RSS प्रमुख मोहन भागवत ने बड़ा बयान दिया था। नागपुर में RSS के एक कार्यक्रम में गुरुवार शाम भागवत ने कहा था- ‘ज्ञानवापी का एक इतिहास है, जिसे हम बदल नहीं सकते। आज के हिंदू और मुसलमानों ने इसे नहीं बनाया है। रोज एक मस्जिद में शिवलिंग को क्यों देखना? झगड़ा क्यों बढ़ाना। वो भी एक पूजा है जिसे उन्होंने अपनाया है। वो यहीं के मुसलमान हैं।’ भागवत ने आगे कहा- वे बेशक बाहर से आयी है, लेकिन वह भी एक पूजा-पद्धति है, और जिन्होंने अपनायी है, उन सबके पूर्वज भी हमारे ऋषि-मुनि और क्षत्रिय ही हैं।

अमित शाह ने भी की है फिल्म की तारीफ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी नई दिल्ली में बुधवार शाम फिल्म सम्राट पृथ्वीराज देखी थी। शाह ने फिल्म और कलाकारों की खूब तारीफ की थी। उन्होंने कहा था- इतिहास के एक छात्र के रूप में इस फिल्म का आनंद लिया, जिसमें भारत के सांस्कृतिक युद्धों को दर्शाया गया है। 13 साल बाद अपने परिवार के साथ थिएटर में फिल्म देख रहे थे।

योगी ने पूरे कैबिनेट के साथ देखी फिल्म
UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों के साथ गुरुवार को सम्राट पृथ्वीराज फिल्म देखी। लखनऊ के लोक भवन में इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग हुई थी। फिल्म देखेने बाद योगी आदित्यनाथ ने इसे UP में ट्रैक्स फ्री करने की घोषणा की थी।

अखिलेश बोले- इतिहास के आटे से वर्तमान की रोटी नहीं बन सकती
योगी सरकार के मूवी स्क्रीनिंग में शामिल होने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा था। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा था- ऐतिहासिक फिल्म देखने के बाद कैबिनेट से आग्रह है कि UP की वर्तमान हालत भी देखें। इतिहास के आटे से वर्तमान की रोटी नहीं बन सकती।