(www.arya-tv.com) यूक्रेन से जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति ने खरसोन की सीक्रेट विजिट की। वहां की सरकार ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी है। इस विजिट पर पुतिन फ्रंट लाइन से काफी करीब थे। वो खरसोन में सैनिकों के हेडक्वार्टर में हेलीकॉप्टर से पहुंचे।
इस दौरे पर उनके साथ स्टाफ के मेंबर भी मौजूद नहीं थे। रूसी मीडिया ने इसके वीडियो और फुटेज जारी किए हैं। हालांकि, सरकार ने ये नहीं बताया कि पुतिन ने ये विजिट कब की।
कमांडरों से कहा- आपकी राय मेरे लिए जरूरी
पुतिन के खरसोन दौरे की पहले से कोई तैयारी नहीं थी। इस दौरान न तो डिफेंस मिनिस्टर सर्गेई शोइगू और न ही चीफ ऑफ स्टाफ वालेरी गेरासिमोव उनके साथ थे। उन्होंने मिलिट्री कमांडरों से जंग पर चर्चा की।
पुतिन ने सेना के अधिकारियों से कहा, ‘जंग में अभी के हालातों को जानने के लिए मेरे लिए आपकी राय सुनना जरूरी था।’ पुतिन को रूस के एयरफोर्स और नेशनल गार्ड के कमांडरों ने जंग से जुड़ी जानकारी दी। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक पहले सरकार ने इन दोनों कमांडरों को डिमोट कर दिया था। पुतिन ने रूसी कब्जे वाले लुहांस्क में भी सैनिकों से मुलाकात की।
‘लाड़लों के गुनाह देखने गए थे पुतिन’
पुतिन की इस विजिट पर यूक्रेन ने पलटवार किया है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के एडवाइजर मिखाइलो पोडोलियाक ने कहा- खरसोन विजिट पुतिन का स्पेशल टूर था वहां वो अपने लाडलों के किए गुनाहों और हत्याओं को देखने गए थे।
पुतिन यूक्रेन के जिस शहर खरसोन पहुंचे हैं वहां से सितंबर 2022 तक पूरी तरह से रूस का कब्जा था। हालांकि, यूक्रेन ने नवंबर में किए हमलों ने रूस को इस इलाके से खदेड़ दिया था। इसके बाद से वो लगातार इस इलाके को दोबारा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से रूस ने खरसोन में हवाई हमले और तेज कर दिए हैं।
मार्च में यूक्रेन के मारियुपोल शहर गए थे पुतिन
खरसोन जाने से एक महीने पहले व्लादिमिर पुतिन मार्च में यूक्रेन गए थे। पुतिन ने रूसी कब्जे वाले मारियुपोल शहर का दौरा किया था। वहां भी वो हेलिकॉप्टर से पहुंचे थे। उन्होंने वहां कुछ आम लोगों से भी मुलाकात की थी।
पुतिन ने मारियुपोल में फौजी अफसरों से भी मुलाकात की थी। उस दौरान वो चीफ ऑफ जनरल स्टाफ वालेरी गेरासिमोव से भी मिले थे। पुतिन ने डिप्टी पीएम खुशुनिलिन के साथ मारियुपोल की सड़कों पर कार भी चलाई थी। उन्होंने वहां की सड़कों को शानदार बताया था।