(www.arya-tv.com) रूस-यूक्रेन को युद्ध का डेढ़ महीने से ज्यादा हो गया है। इतना वक्त गुजरने के बाद भी अब तक सुलह का कोई रास्ता नहीं निकल पाया है। दूसरी तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और अमेरिका रूस की तरफ से परमाणु हमले की आशंका जाहिर कर चुके हैं।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने मंगलवार को इंडिया टुडे टेलीविजन को दिए इंटरव्यू में इन सभी आशंकाओं को खारिज कर दिया। लावरोव ने कहा- रूस यूक्रेन के खिलाफ सिर्फ पारंपरिक हथियारों का ही इस्तेमाल करेगा, परमाणु हथियारों का नहीं। यूक्रेन में हमारे सैन्य अभियान का नया चरण शुरू हो चुका है।
पश्चिमी देश यूक्रेन को भड़का रहे हैं
रूसी विदेश मंत्री का कहना है कि यूक्रेन में आज जो भी रहा है उसके पीछे अमेरिका और पश्चिमी देशों की पूरी दुनिया पर राज करने की सोच है। ये सभी देश मिलकर यूक्रेन को भड़का रहे हैं। इन्होंने यूक्रेन में हथियारों को ढेर लगा दिया है।1992 में सोवियत यूनियन के टूटने के बाद अमेरिका और सहयोगियों ने वादा किया था कि वो रूस की तरफ नाटो का विस्तार नहीं करेंगे, लेकिन उन्होंने अपना वादा तोड़ दिया। पश्चिमी देश हमेशा से यूक्रेन को रूस के खिलाफ भड़काते रहे हैं।
यूक्रेन में युद्ध नहीं, एक स्पेशल ऑपरेशन चल रहा है
कुछ वक्त पहले भारत के आधिकारिक दौर के दौरान सर्गेई लावरोव ने यूक्रेन में युद्ध से ही इनकार कर दिया था। तब यूक्रेन युद्ध को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि आप इसे युद्ध कह रहे हैं जो कि सच नहीं है। यह एक स्पेशल ऑपरेशन है, जिसमें यूक्रेनी आर्मी के इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जा रहा है। हमारा सिर्फ इतना मकसद है कि आने वाले वक्त में कीव की सरकार रूस के लिए कोई खतरा न बन पाए।
क्रेन बॉर्डर के पास रूस के TU-160 बॉम्बर
रूसी दावे से इतर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में परमाणु हमले की आशंका जाहिर की गई है। इन रिपोर्ट्स में कहा गया है कि रूस-यूक्रेन बॉर्डर के पास रूस के TU-160 बॉम्बर देखे गए हैं। इन जेट्स का इस्तेमाल परमाणु बम ले जाने के लिए किया जाता है।
