(www.arya-tv.com)14 सितंबर की देर शाम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि आगरा में बनने वाले मुगल म्यूजियम को छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम से जाना जाएगा। नए उत्तर प्रदेश में गुलामी की मानसिकता के प्रतीक चिन्हों का कोई स्थान नहीं है। हम सबके नायक शिवाजी महाराज हैं। योगी के इस फैसले के बाद से इतिहासकार और नवाबों के वंशज नाराज है। अवध के नवाब के वंशज इसे गंगा-जमुनी तहजीब पर हमला बता रहे हैं तो इतिहासकार इस फैसले को राजनीति से प्रेरित बता रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने म्यूजियम का नाम बदलकर मुसलमानों के प्रति नफरत का सबूत दिया
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में हिस्ट्री डिपार्टमेंट के पूर्व चेयरमैन और कोआर्डिनेटर प्रो. नदीम रिजवी कहते हैं कि दुनिया भर में यह चलन है कि यदि कोई ऐतिहासिक स्मारक है और वहां कोई संग्रहालय बनाने की बात होती है तो उस स्मारक के बारे में साथ ही वहां के कल्चर के बारे में जानकारी देने के लिए संग्रहालय बनाया जाता है। दुनिया में इसके कई उदाहरण हैं। लेकिन, आगरा में ताजमहल के पास बनने वाले जिस संग्रहालय का नाम बदला गया, वह सिर्फ सीएम की मुगलों के प्रति, मुसलमानों के प्रति नफरत को दिखाता है। दरअसल, सब राजनीति से प्रेरित है। बिहार में चुनाव है और सरकार के पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है। यही वजह है कि कुछ ऐसा शिगूफा छोड़ो, जिससे जनता भ्रमित रहे।
बिठूर से शिवाजी का इतिहास, वहां कुछ क्यों नहीं बनाया? इतिहासकार का सवाल
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में हिस्ट्री डिपार्टमेंट में प्रोफेसर और आगरा शहर पर रिसर्च करने वाले मानवेंद्र कुमार पुंढीर सरकार के निर्णय के खिलाफ नहीं है, लेकिन मंशा पर जरूर सवाल खड़ा करते हैं। वह कहते हैं कि, हम छत्रपति शिवाजी महाराज का म्यूजियम बनाने पर एतराज नहीं कर रहे हैं। लेकिन अगर उनके नाम पर म्यूजियम बनाना है तो फिर बिठुर में क्यों नहीं? जहां का इतिहास छत्रपति से जुड़ा हुआ है। मैंने खुद आगरा में ऐसी 120 इमारतों को ढूंढा है, जो मुगलों का इतिहास बताती है। लेकिन वह अभी भी एएसआई द्वारा संरक्षित नहीं है। हमें पहले उसे सहेजना चाहिए।
…फिर तो ब्रिटिशर्स की निशानियां भी हटा देनी चाहिए
क्या मुगल गुलामी का प्रतीक हैं? इस सवाल पर मानवेंद्र कहते हैं कि फिर तो ब्रिटिशर्स की भी निशानियां हटा देनी चाहिए। क्या मुगलों से पहले राजपूत राजा अपने से छोटे राज्यों पर आक्रमण नहीं करता था? क्या वह अपने से छोटे राजाओं को गुलाम नहीं बनाता था? हमारा देश विकासशील है। आज जो हो रहा है आने वाला कल उसे कैसे देखेगा यह भविष्य बताएगा।
वहीं, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की इतिहासकार शीरीन मूसवी कहती हैं कि वह हमें नाम बदलने के नाम पर अफीम दे रहे हैं और हम अफीम खा रहे हैं। जो असल मुद्दे हैं, उनसे दूर हो रहे हैं। इतिहास देखे तो बृज टेंपल टाउन मुगलकाल में ही बना है। जिस पर अब राजनीति की जा रही है।
अवध के नवाब भी हैं निराश बोले- यह मुनासिब नहीं है
अवध के नवाबों के वंशज जफर मीर अब्दुल्ला भी इस फैसले से निराश हैं। उन्होंने कहा कि यह सारी कोशिशें गंगा जमुनी तहजीब को मिटाने के लिए की जा रही हैं। ये सत्ता में बैठे लोग ताजमहल को झूठलाएंगे या फिर लालकिला को गायब कर देंगे। ये लोग मनमाना रवैया अपना रहे हैं। इसी मुल्क के रजवाड़े भी तो अपनी हुकूमत का दायरा बढाने के लिए एक दूसरे पर आक्रमण करते थे। गुलाम बनाते थे। उन्होंने कहा कि यह सत्ता तो ऐसी है कि कोई खुलकर अपनी राय दे दे तो उस पर भी शिकंजा कस दिया जाता है। उन्होंने कहा मुगलों को गुलामी का प्रतीक जा रहा है। लेकिन, मुगलों ने ही बंटे हुए हिंदुस्तान को एकजुट किया था। यह लोग साजिश के तहत अपने पसंद के हिसाब से अच्छे को बुरा कह रहे हैं यह गलत है।