आकांक्षा सुसाइड केस में संजय सिंह गिरफ्तार:पुलिस ने घेरा तो सरेंडर किया

# ## Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में बुधवार देर शाम पुलिस ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे घेरा तो उसने सरेंडर कर दिया। संजय, 25 मार्च को आकांक्षा के सुसाइड के बाद से फरार था। इसके पहले 6 अप्रैल को गाजियाबाद से पुलिस ने सिंगर समर सिंह को गिरफ्तार किया था।

समर और संजय, दोनों आकांक्षा केस में मुख्य आरोपी हैं। आकांक्षा की मां मधु दुबे ने संजय सिंह पर आरोप लगाया था कि उसने आकांक्षा को जान से मारने की धमकी दी थी। मधु दुबे ने पुलिस को दी तहरीर में संजय को समर का चचेरा भाई बताया था।

अब इस केस के दोनों मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं। माना जा रहा है कि आकांक्षा के सुसाइड की गुत्थी को सुलझाना अब पुलिस के आसान होगा। क्योंकि, आंकक्षा की मौत के 19 दिन बाद भी इस सवाल का जवाब नहीं मिला कि आखिर आकांक्षा से सुसाइड क्यों किया था।

वकील से मिलने आया था संजय, पुलिस ने घेरा तो किया सरेंडर
पुलिस के मुताबिक, संजय सिंह के खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट जारी था। उसकी संपत्ति की कुर्की का वारंट हासिल करने की प्रक्रिया चल रही थी। सर्विलांस की मदद से क्राइम ब्रांच को संजय सिंह की लोकेशन गोइठहां में मिली। पता चला कि वह अदालत में समर्पण करने के लिए अपने करीबियों के माध्यम से किसी वकील से मुलाकात करने शहर आया है। पुलिस ने गोइठहां अंडरपास रिंग रोड के पास घेराबंदी की तो संजय ने सरेंडर कर दिया। उसे सारनाथ थाने लेकर आया गया। वहां पूछताछ के बाद विशेष मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करके जेल भेज दिया।

आज समर से होगी आकांक्षा केस में पूछताछ
दूसरी तरफ, आकांक्षा की मौत मामले में समर सिंह के खिलाफ बुधवार को कोर्ट ने पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। पुलिस ने महज 72 घंटे की रिमांड मांगी थी लेकिन जज ने उससे ज्यादा रिमांड की आवश्यकता जताई। कोर्ट में पुलिस ने बताया आकांक्षा केस में खुलासे के लिए समर को बनारस से आजमगढ़, मुंबई, पटना, गोरखपुर आदि शहर में लेकर जाना पड़ सकता है। ऐसे में कोर्ट ने पांच दिन की रिमांड स्वीकृत की। पुलिस आज सुबह 10 बजे जेल से मेडिकल के बाद समर को रिमांड पर लेगी।

पुलिस का कहना है कि समर का मोबाइल बरामद किया जाना जरूरी है। इसके अलावा समर के लखनऊ और मुंबई स्थित ऑफिस जाकर उसके व आकांक्षा के बीच हुए वित्तीय लेनदेन व फिल्मों के करार संबंधी कागजात बरामद करना है।

पुलिस का कहना है कि समर का मोबाइल बरामद किया जाना जरूरी है। इसके अलावा समर के लखनऊ और मुंबई स्थित ऑफिस जाकर उसके व आकांक्षा के बीच हुए वित्तीय लेनदेन व फिल्मों के करार संबंधी कागजात बरामद करना है।

सुसाइड वाली रात समर और आकांक्षा में हुई बात
अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि सुसाइड वाली रात भी समर और आकांक्षा के बीच फोन पर बात हुई। वह कॉल 10 सेकेंड की थी। उसमें शोरगुल सुनाई दे रहा था। इससे न तो आकांक्षा कुछ कह सकी और न समर उसका जवाब दे पाया। फिर कॉल कट गई। यह जानकारी समर सिंह से पूछताछ में सामने आई है।

पुलिस अधिकारियों और क्राइम ब्रांच की पूछताछ में समर ने बताया कि आकांक्षा से उसकी नजदीकी तीन साल पहले हुई थी। एक साल से काम, भुगतान और दूसरे के साथ संबंधों को लेकर आकांक्षा से उसका मनमुटाव हो गया था। समर ने अपनी ओर से किसी तरह का दबाव डालने से इनकार किया।

समर सिंह का फाइनेंसर ​​​​​​है आरोपी संजय

आरोपी संजय सिंह आजमगढ़ में सपा नेताओं का बेहद करीबी है। उसके पार्टी के नेताओं से मजबूत रिश्ते है। संजय बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गद्दोपुर का रहने वाला है। उसके पिता दान बहादुर को भी हत्या के मामले में उम्रकैद हुई थी। आरोपी संजय समर सिंह का फाइनेंसर है। उसके लखनऊ और बरेली में कई शोरूम है। शोरूम सहित पूरा काम काम समर का भाई राजीव देखता है। साल 2016 में नोटबंदी के दौरान संजय सिंह इंडसइंड बैंक में कलर्क की नौकरी करता था। बीते सात सालों में आरोपी अरबों की संपत्ति का मालिक बन गया।

आकांक्षा दुबे का केस में अब तक क्या-कुछ हुआ…

  • 22 मार्च की रात अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सारनाथ स्थित सौमेंद्र होटल 105 नंबर कमरे में रुकीं।
  • 24 मार्च को सारनाथ स्थित एक मोटल में फिल्म का प्रमोशन रखा गया था।
  • 25 मार्च की रात साढ़े आठ बजे महमूरगंज स्थित मॉलीक्यूल बार में परिचिति दंपति के साथ पार्टी की।
  • 25 मार्च की रात तारापुर निवासी युवक ने कार से अभिनेत्री को होटल तक छोड़ा, कुछ देर रुकने के बाद लौट गया।
  • 25 मार्च की ही रात अभिनेत्री इंस्टाग्राम पर लाइव हुईं, इसमें वह रोती दिखीं, वीडियो दो मिनट 41 सेकेंड का था।
  • 26 मार्च की सुबह शूटिंग के लिए अभिनेत्री को बुलाने युनिट के सदस्य पहुंचे तो कमरा नहीं खुला। डूप्लीकेट चाबी से कमरा खोला गया, इसमें अभिनेत्री का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस को सूचना दी गई।
  • 27 मार्च को अभिनेत्री की मधु दुबे की तहरीर पर भोजपुरी गायक समर सिंह, संजय सिंह पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ।
  • 5 अप्रैल को समर सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी हुई।
  • 6 अप्रैल को दोनों आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ।
  • 6 अप्रैल की रात सारनाथ पुलिस गाजियाबाद पहुंची और समर सिंह को गिरफ्तार किया।
  • 7 अप्रैल को गाजियाबाद में कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेकर वाराणसी पहुंची।
  • 8 अप्रैल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
  • 11 अप्रैल को कोर्ट में वीसी के जरिए समर पेश हुआ, पुलिस ने रिमांड और समर ने जमानत मांगी। फैसला सुरक्षित रखकर नई तारीख मिली।
  • 12 अप्रैल को समर सिंह दोपहर 11 बजे पेश हुआ, पुलिस रिमांड पर वकीलों ने बहस की और फैसला सुरक्षित रख गया।
  • 12 अप्रैल की शाम को पुलिस को पांच दिन की रिमांड स्वीकृत हुई। इसके कुछ देर बाद ही संजय सिंह भी गिरफ्तार हो गया।