(www.arya-tv.com)बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को लंबे समय से लोग फेस मास्क लगाए हुए देखते हैं। वह किसी भी पब्लिक प्लेस पर जाते हैं तो चेहरे पर मास्क से कवर किए हुए दिखते हैं, लेकिन लंबे समय बाद आगरा में उनको बिना फेस मास्क लगाए देखा गया। जब वह मुंबई से चले थे चेहरे पर मास्क लगाए थे। आगरा में उन्होंने पत्नी शिल्पा के साथ आगरा के एक मंदिर में करीब तीन घंटे तक पूजा-अर्चना की। इसके अलावा सदर बाजार में अकेले निकले। यहां पर चाट खाई।सिने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी अपने पति राज कुंद्रा के साथ गुरुवार शाम को आगरा पहुंची थीं। वो यहां पर एक होटल में आयोजित फैशन शो में शिरकत करने आई हैं। शाम को आगरा पहुंचने के बाद वो सीधे अपने पति राज के साथ आगरा कैंट स्थित बंगलामुखी मंदिर पहुंची। मंदिर में महंत नितिन सेठी ने बताया कि शिल्पा और राज कुंद्रा करीब साढे़ पांच बजे मंदिर आए थे। उन्होंने माता के दर्शन किए। इसके बाद उनके लिए पांच कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया। पति-पत्नी ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की। वो करीब तीन घंटे तक मंदिर में रुके।
