प्रयागराज से वाराणसी का अब रेल सफर होगा आसान,गंगा नदी पर पुल का निर्माण

# ## Prayagraj Zone

प्रयागराज (www.arya-tv.com) यह खबर न सिर्फ प्रयागराज के लोगों के लिए है, बल्कि हजारों रेलयात्रियों की सुविधा से जुड़ी है। प्रयागराज में गंगा नदी पर इन दिनाें झूंसी-दारागंज रेलवे पुल बनाया जा रहा है। इस पुल का आखिरी पिलर भी बनने लगा है। पुल के बनने के बाद वाराणसी रेलमार्ग पर सफर और आसान हो जाएगा। इस दूरी को पूरा करने में समय भी कम लगेगा। यानी गंतव्‍य तक जल्‍दी पहुंच सकेंगे।

रामबाग-बनारस रेलमार्ग दोहरीकरण के लिए 2023 तक बनेगा रेल पुल : रामबाग-बनारस रेलमार्ग दोहरीकरण के लिए झूंसी से दारागंज के बीच गंगा नदी पर इन दिनों रेलवे पुल बनाया जा रहा है। इसके लिए आखिरी पिलर बनाने का कार्य शुरू हो चुका है। यह संख्या के हिसाब से 25 वां पिलर है।

रामबाग-बनारस रेलमार्ग दोहरीकरण के लिए 2023 तक बनेगा रेल पुल : रेल विकास निगम की ओर से बनाए जा रहे गंगा नदी के इस पुल के प्रत्येक पिलर के बीच की दूरी 78 मीटर है, जबकि कुल लंबाई 1950 मीटर है। 2023 तक इस पुल को बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। इस ब्रिज के स्टील गार्डर का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है।पुल पर रेलवे की दो लाइनें बिछेंगी। पुल बनने के बाद प्रयागराज से बनारस यानी वाराणसी के बीच लगने वाले समय में कमी आएगी।

पुल का 25वां व आखिरी पिलर बन रहा : रेल विकास निगम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विनय अग्रवाल ने बताया कि 27 दिसंबर 2023 से पहले ही पुल बन जाएगा। कंक्रीट का एक नया बैचिंग प्लांट दारागंज की ओर से भी शुरू किया गया है। अब झूंसी में दो बैचिंग प्लांट के साथ कुल तीन बैचिंग प्लांट की क्षमता 60 एमक्यू प्रति घंटे है। इस पुल का 25 वें आखरी पिलर के सिंकिग का कार्य पूर्ण हो चुका है। यह पिलर गंगा नदी के मध्य स्थित है और इस पुल का आखिरी पिलर भी।

पुल निर्माण योजना पर जताई खुशी : लाक्षागृह (हंडिया) से परानीपुर मेजा के बीच गंगा नदी पर पुल बनाने की प्रदेश सरकार की योजना पर धर्मक्षेत्र लाक्षागृह पर्यटन स्थल विकास समिति के राष्ट्रीय संयोजक ओंकार नाथ त्रिपाठी ने खुशी जताई है। कहा है कि पुल बनने से हंडिया क्षेत्र पर्यटन विकास योजनाओं से सीधे जुड़ जाएगा।

प्रदेश सरकार को राजस्व भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी, विधान परिषद के पूर्व सदस्य डा. यज्ञ दत्त शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीके सिंह, मस्तान सिंह एवं स्व. श्यामाचरण गुप्त का पुल निर्माण योजना को सफल बनाने में विशेष सहयोग रहा है। समिति के पदाधिकारी राजेश राय, अनिल कुमार त्रिवेदी, अशोक सिंह बब्बे, प्रेम शंकर तिवारी, राजेंद्र दुबे आदि ने खुशी जताई है।