(www.arya-tv.com) बादलों के छंटने के बाद अब कोहरे की चादर ने लखनऊ समेत आस पास के कई जिलों को अपनी चपेट में ले लिया है। धुंध इतनी ज्यादा थी कि लोगों को थोड़ी दूर का भी देखने में दिक्कत हुई। जगह-जगह लोग अलाव के सहारे ठंड से राहत पाते दिखे। वहीं, लो विजिबिलिटी के कारण वाहन सवार लाइट जलाकर रेंगते नजर आए। कोहरे के चलते कई ट्रेनों और फ्लाइटों का संचालन प्रभावित रहा। तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट न होने से कुछ राहत दिखी।
जम्मू–कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस आने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चार जनवरी को एक बार जम्मू–कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस आने की संभावना है। अगर वेर्स्टन डिस्टरबेंस आ गया तो एक बार पुनः छह–सात जनवरी को बदली आ सकती है। इस दौरान वैज्ञानिकों ने बारिश की संभावना से भी इन्कार नहीं किया। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर व जाने माने मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि पूर्वांचल में बादल छंटने के बाद अब दक्षिण–पश्चिम से चलने वाली हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड़ पड़ेगी। यह स्थिति मकर संक्रांति तक बनी रहने की प्रबल संभावना है।
कई जिलों में कोहरा पड़ सकता है
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पाकिस्तान और आसपास बने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी के कई जिलों में बदली बारिश हुई। गुरुवार से मौसम सामान्य भी हुआ। हालांकि सुबह राजधानी समेत कई जिलों में कोहरा पड़ सकता है। वहीं, दिन में धूप खिली रहने से दिन का पारा बढ़ेगा, लेकिन रात के पारे में गिरावट होनी शुरू हो जाएगी। इसके साथ नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड से होगी।
सिटी | तापमान ( न्यूनतम) |
आगरा | 6 |
मुजफ्फरनगर | 7 |
मेरठ | 8 |
गोरखपुर | 10 |
वाराणसी | 11 |
प्रयागराज | 12 |
कानपुर | 13 |
लखनऊ | 12 |