बरेली के शाही में 6 महिलाओं की हत्या के बाद सड़क पर उतरीं महिलाएं, मुखबिर और सर्विलांस सिस्टम फेल

# ## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) बरेली जिले में महिलाओं की हत्या का सिलसिला जारी है। एक के बाद एक हत्या को अंजाम दिया जा रहा है। बुधवार को शाही थाना क्षेत्र में फिर से 35 साल की महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पिछले 110 दिन में यह छठी महिला की हत्या है।

बृहस्पतिवार को शाही क्षेत्र में लगातार हो रहीं महिलाओं की हत्या के बार महिलाएं सड़क पर उतर आईं। क्षेत्र की महिलाओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को जाम खुलवाने में पसीने छूट गए। जहां महिलाओं ने कहा कि ऐसे तो बेटियां भी स्कूल जाना छोड़ देंगी।

सभी हत्याओं में एक जैसा क्राइम सीन

बरेली के शाही थाना क्षेत्र के सेवा ज्वालापुर गांव निवासी घनश्याम पंजाब में रहकर छोले भटूरे का काम करता है। उनकी पत्नी वीरवती (35 साल) अपने चार बच्चों के साथ गांव सेवा ज्वालपुर में रहती थी। महिला अपने जेठ के साथ मिलकर खेती का भी काम कर लेती थी। महिला के घर के पास जेठ छेदालाल का भी घर है।

बुधवार सुबह 9 बजे वीरवती अपने घर से खेत में खाद और दवाई डालने की बात कहकर घर से निकली। इस दौरान वह दोपहर तक नहीं लौटी। बारिश होने के चलते बच्चे घर पर मां का इंतजार करते रहे, इस बीच दोपहर को जेठ, जिठानी और अन्य लोग देखने पहुंचे लेकिन वहां वीरवती नहीं मिली।

वीरवती की लाश 400 मीटर दूर मिली

पूरे गांव मे महिला के न मिलने से अफरा तफरी मच गई। जिसके बाद परिजनों के साथ आसपास के ग्रामीण भी बारिश में ही महिला को तलाशने पहुंच गए। शाम के 4 बजे महिला की लाश जेठ सेवाराम के खेत में मिली। यह ईंख का खेत था, यानी महिला के खेत से करीब 400 मीटर दूर लाश मिली। महिला के कपड़े भी अस्त व्यस्त थे।

महिला की हत्या की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल, सीओ हर्ष मोदी, शाही पुलिस मौके पर पहुंची। बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा में पोस्टमार्टम के बाद महिला का अंतिम संस्कार किया।

कत्ल के निशान भी नहीं छोड़ रहा कातिल

महिला के गले में उसी की साड़ी का फंदा लगा हुआ था। जिससे पुलिस मान रही है कि साड़ी का फंदे से वीरवती का गला दबाया है। महिला की साड़ी भी अस्त व्यस्त मिली। हत्यारों ने कान के दोनों कुंडल भी खींचे, जिससे एक कान फट गया। वहीं गले में पीछे की तरफ फंदे की गांठ लगाई। महिला के गले में चांदी की माला थी वह भी गायब मिली।

कपड़े अस्त व्यस्त देखकर परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या होना बताया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही पता चल सकेगा कि दुष्कर्म हुआ या नहीं। लेकिन कातिल मौके पर कोई निशान भी नहीं छोड़ रहा, यानी महिला की साड़ी से ही गला दबाया जा रहा है।