आवास विकास के 100 से अधिक अभियंताओं को प्रमोशन के बाद अब कंफर्म होने का इंतजार है। इनमें 2022-23 में सीधी भर्ती से चयनित और अवर अभियंता से प्रोन्नत सहायक अभियंता शामिल हैं। इनमें 65 डिग्री और करीब 60 डिप्लोमा इंजीनियर हैं। दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि बीते करीब 6 महीने से अधिक समय हो गया है लेकिन परिषद के अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं गया है। इससे अभियंताओं में नाराजगी है।
अवर अभियंता से सहायक अभियंता के पद पर प्रोन्नत होने के बाद इन्हें दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रखा जाता है। सहायक अभियंता सेवा नियमावली 1973 की धारा 19 के तहत इन्हें सहायक अभियंता के पद पर कंफर्म किया जाता है। परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद परिषद द्वारा इनके कार्य का मूल्यांकन करने के बाद कंफर्म कर दिया जाता है।
14 वर्ष बाद भी लागू नहीं हुआ 8700 ग्रेड पे
आवास विकास में अधीक्षण अभियंताओं का ग्रेड पे 8700 रुपये 14 वर्ष बाद भी लागू नहीं हो पाया है, जबकि आवास विकास की 1 अगस्त 2011 को आयोजित 217वीं बोर्ड बैठक में इसे स्वीकृति प्रदान की गई थी। शासन से इसे अभी तक लागू नहीं किया गया है। आवास विकास के अधीक्षण अभियंताओं को 8700 रुपये ग्रेड पे अनुमन्य है। वहीं लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग सहित प्रदेश के अभियंत्रण विभागों में अधीक्षण अभियंताओं को 8700 ग्रेड पे मिल रहा है।
समान कार्य के लिए समान वेतन होना चाहिए। अन्य अभियंत्रण विभागों की भांति परिषद में भी अधीक्षण अभियंताओं को 8700 ग्रेड पे अनुमन्य किया जाना चाहिए। सहायक अभियंता के पद पर दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद भी करीब 6 महीने से अधिक हो गए हैं। परिषद प्रशासन से कंफर्म करने के लिए अनुरोध किया गया है।
