प्रियंका गांधी का UP दौरे का तीसरा दिन:आज 11 बजे से प्रदेश कांग्रेस संगठन की समीक्षा बैठक

Lucknow

(www.arya-tv.com)कांग्रेस की महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा मिशन-2022 को लगातार धार देने में लगी हैं। शनिवार को अपने यूपी दौरे के तीसरे दिन वह प्रदेश कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक करेंगी। सुबह करीब 11 बजे शुरू होने वाली यह बैठक करीब 2 घंटे चलेगी।

इसके बाद वह हजरतगंज स्थित एक होटल में व्यापारी संगठन के नेताओं के साथ संवाद करेंगी। बता दें, इससे पहले यानी यूपी दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रियंका प्रदेश कार्यालय में सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक रहीं थीं। इस दौरान उन्होंने 7 अलग-अलग बिंदुओं पर समीक्षा बैठक की।

कांग्रेस यूपी में तीन दशक से सत्ता से बाहर
बता दें, यूपी में कांग्रेस तीन दशक से सत्ता से बाहर रही है। यूपी में 1989 में नारायण दत्त तिवारी कांग्रेस के आखिरी मुख्यमंत्री थे। प्रियंका गांधी इस सूखे को खत्म करने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं।

4 दिनों का कार्यक्रम तय

  • 10 सितंबर पहले दिन के कार्यक्रम में 7 अलग-अलग बिंदुओं पर प्रियंका गांधी ने बैठक की। इसमें 2022 विजय अभियान में बड़ा फैसला लिया गया। जिसके तहत ‘हम वचन निभाएंगे’ नाम से 12 हजार किमी की प्रतिज्ञा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा बड़ी ग्राम पंचायतों और कस्बों से होकर गुजरेगी।
  • 11 सितंबर को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। दोपहर के बाद हजरतगंज स्थित क्लार्क अवध होटल में व्यापारी नेताओं के साथ बढ़ती मंहगाई को लेकर संवाद करेंगी।

12 व 13 सितंबर को रायबरेली दौरे पर रहेंगी
वहीं, 12 और 13 सितंबर को 2 दिवसीय दौरे पर प्रियंका गांधी अपनी मां के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर रहेंगी। यहां कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और कमेटी के लोगों से मिलकर बैठकर और वार्ता करेंगी।

ये है रायबरेली दौरे का कार्यक्रम

  • 12 सितंबर को चूरुवा बॉर्डर से भुएमऊ तक स्वागत कार्यक्रम।
  • जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक अध्यक्ष,न्याय पंचायत अध्यक्ष, नगर कांग्रेस अध्यक्ष के साथ बैठक।
  • शहर कांग्रेस कमेटी और वार्ड अध्यक्ष के साथ बैठक।
  • फ्रंटल, विभाग, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के साथ बैठक।
  • दोपहर का भोजन।
  • पूर्व विधायक, पूर्व प्रत्याशी, वरिष्ठ कांग्रेस जनों के साथ बैठक।
  • सदस्य जिला पंचायत के साथ बैठक। रात्रि विश्राम।
  • 13 सितंबर के कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता व आम नागरिकों से मुलाकात।