(www.arya-tv.com) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी के राज में उत्तर प्रदेश ‘अपराध प्रदेश’ बन गया है। प्रियंका का यह बयान कानपुर कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद आया है। कांग्रेस महासचिव ने यह भी मांग की है कि कानपुर कांड की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज से कराई जाए।
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘बीजेपी की सरकार ने उत्तर प्रदेश को ‘अपराध प्रदेश’ में बदल दिया है। विकास दुबे जैसे अपराधी सत्ता में बैठे लोगों की देखरेख में आगे बढ़ रहे हैं और उन्हें बचाया भी जा रहा है। कांग्रेस पूरे कानपुर कांड की जांच सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज से कराने की मांग करती है।
प्रियंका गांधी ने एक अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा कि सारा देश देख रहा है कि बीजेपी सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल डाला है। उनके अपने आंकड़े बताते हैं कि बच्चों के खिलाफ अपराध, दलितों के खिलाफ अपराध, महिलाओं के खिलाफ अपराध और अवैध असहलो व हत्याओं के मामले में उत्तर प्रदेश नंबर एक पर है।
