बांदा जेल से कैदी फरार, इसी में बंद है मुख्तार:बांस के सहारे दीवार फांदने की आशंका

UP

(www.arya-tv.com)बांदा की जिस जेल में बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी बंद है, उससे रविवार रात एक कैदी फरार हो गया। जैसे ही इसकी सूचना अधिकारियों को मिली उनके हाथ-पांव फूल गए। जेलकर्मी फरार कैदी की तलाश में रातभर जुटे रहे। लेकिन कोई सुराग नही लगा। बांदा जेल को यूपी की सुरक्षित जेलों में गिना जाता है। अफसर यहां हाईटेक सुरक्षा का दावा भी करते हैं। इसी दावे के साथ यहां हाई प्रोफाइल कैदी मुख्तार अंसारी को रखा गया है।

चोरी का आरोपी है भागा हुआ कैदी
सिटी मजिस्ट्रेट केशव नाथ ने बताया कि रविवार रात भागा कैदी विजय आरख चोरी के मामले में फरवरी से बंद था। जेल अधिकारियों का कहना है कि वह चोर है। हो सकता है कि वह जेल में ही कहीं छिपा हो। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है।

खाना खाने के बाद से गायब

केशव नाथ ने यह भी बताया कि रविवार शाम 7.30 बजे सभी कैदियों को खाना खिलाया गया। इसके बाद वह बैरक नम्बर-4बी से पानी पीने गया। उसके बाद से उसे किसी ने नहीं देखा। जब रात में कैदियों की गिनती होने लगी तब पता चला कि विजय आरख गायब है। फिलहाल, जेल के अंदर से लेकर बाहर तक फोर्स तैनात है।

दीवार के पास से मिला डंडा
सीओ सिटी आरके सिंह ने बताया कि खोजबीन में पता चला कि जेल की दीवार के पास एक बांस का डंडा पड़ा मिला है। ऐसे में हो सकता है कि वह जेल की दीवार फांद गया हो। फिलहाल पुलिस की 5 टीमें उसकी तलाश में जुटी है।

अप्रैल में हुई है मुख्तार की शिफ्टिंग
बीते अप्रैल में मुख्तार अंसारी को बांदा जेल में शिफ्ट किया गया था। उस समय मुख्तार के परिजनों ने आशंका भी जाहिर की थी कि मुख्तार के लिए बांदा जेल सुरक्षित नहीं है। तब अधिकारियों ने हाईटेक सुरक्षा का आश्वासन दिया था। जिसकी आज पोल खुल गई।

सिटी मजिस्ट्रेट से लेकर डीएम-एसपी सब परेशान
विजय आरख चोरी के आरोप में बंद मामूली कैदी था। लेकिन उसके फरार होने के बाद इमरजेंसी अलार्म बजाया गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी तो अलर्ट हुए ही, अधिकारियों का भी जेल में आना-जाना शुरू हो गया। देर रात से अब तक कई बार अधिकारी जेल के चक्कर काट चुके हैं। डीएम और एसपी ने भी जेल का निरीक्षण किया है। चूंकि जेल में मुख्तार अंसारी जैसा हाई प्रोफाइल कैदी बंद है। इसलिए सवाल उठ रहे है कि जेल की सुरक्षा का ऐसा बुरा हाल क्यों है।