वाराणसी में अनार का दाम कर देगा बीमार:अनार 200 रुपए किलो और जूस सौ रुपए गिलास; देसी सेब 140 रुपए किलो

# ## Business

(www.arya-tv.com) अनार का भाव सुनकर आप बीमार हो सकते हैं। वाराणसी में अनार 200 रुपए किलो और देसी सेब 140 रुपए किलो बिक रहा है। यह फुटकर दाम है। वहीं अनार का 100 ml जूस 100 रुपए का बिक रहा है। टमाटर के साथ अनार को भी महंगाई की नजर लग चुकी है। अनार की खपत में भी अब 50% की कमी दर्ज की गई है। पहाड़िया मंडी में अनार 150 किलो थोक में बिक रहा है। हालात यह है कि अब लोग अनार के बजाए सेब और अंगूर के जूस को पीने को तरजीह दे रहे हैं।

महाराष्ट्र और हरियाणा की मंडियों में अनार 8 हजार रुपए क्विंटल बिक रहे हैं। अनार की ज्यादातर पैदावार दक्षिण भारत के राज्यों में होती है। यहां पर बेमौसम बारिश से काफी फल नष्ट हो गए हैं। ऐसे में अनार का भाव अपने चरम पर है।

गर्मी की वजह से बढ़ गए रेट

फल व्यापारी किशन सोनकर ने बताया कि इस समय पहाड़िया मंडी में सेब दूसरा सबसे महंगा फल है। देसी सेब 100 से 140 रुपए प्रति किलो, तो वहीं अमेरिका से इंपोर्टेंड सेब 150-200 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। भयानक गर्मी की वजह से सेब के दाम बढे हुए हैं।

आम चल रहा 50-60 रुपए किलो

मंडी में लंगड़ा आम 50-60 रुपए, दशहरी 40-50 रुपए, मद्रासी आम 50-55 रुपए और तोतापुरी आम 20 रुपए किलो के हिसाब से बिक रहा है। वहीं केला 40 रुपया दर्जन, मौसंबी 39 रुपया किलो, लीची 50-60 रुपए किलो के भाव में बिक रहा है। पहाड़िया मंडी में संतरा 50-60 रुपए किलो, नाशिक का अंगूर 60-70 रुपए और हाइब्रिड वाला अंगूर 50-60 रुपए किलो के भाव में बिक रहा है।