भारतीय बैंक संघ (आईबीए) की ओर से प्रेस विज्ञप्ति

Business

(www.arya-tv.com) बैंक कर्मचारियों के वेतन संशोधन के लिए इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) की वार्ता समिति और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच कई दौर की चर्चा हुई। 30 जनवरी 2020 को हुई बैठक में आईबीए ने प्रदर्शन से जुड़े प्रोत्साहन सहित 19 प्रतिशत बढ़ोतरी की संशोधित पेशकश की, लेकिन इसके बावजूद दुर्भाग्य से यूनियनों ने 31 जनवरी और 1 फरवरी 2020 को अखिल भारतीय बैंक हड़ताल करने का फैसला किया है और इसके बाद अन्य आंदोलनकारी कार्यक्रमों को जारी रखने का एलान भी किया है।

वार्ता के दौरान व्यापार की शर्तों, बैंकों की भुगतान क्षमता और समय-समय पर कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के लाभ प्रदान करने के लिए बैंकों द्वारा किए गए लगातार प्रयासों के बारे में भी समझाया गया, लेकिन सभी यूनियनों ने कुछ ऐसी मांगों के लिए दबाव डाला है, जिन्हें स्वीकार करना संभव नहीं है। ऐसी ही एक मांग 5-दिवसीय बैंकिंग से संबंधित है।

यह सभी जानते हैं कि देश की अर्थव्यवस्था कठिन दौर से गुजर रही है। आर्थिक विकास में बैंक भी प्रमुख भूमिका निभाते हैं, ऐसी स्थिति में बैंकिंग गतिविधियों के लिए कामकाजी दिनों की संख्या कम करने का जोखिम नहीं उठाया जा सकता है। हमारे देश में पहले से ही किसी भी अन्य देशों की तुलना में सार्वजनिक छुट्टियों की संख्या सबसे अधिक है और 26 और छुट्टियों को जोड़ने से जनता के लिए और अधिक समस्याएं पैदा होंगी। ग्राहकों की सुविधा के लिए, बैंक वैकल्पिक चैनल उपलब्ध रखेंगे और ग्राहक दिन-प्रतिदिन बैंकिंग के इन वैकल्पिक/डिजिटल चैनलों का 24ग7 उपयोग कर सकते हैं।