- एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत बंगाली समाज से संवाद, विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका का आह्वान
पश्चिम बंगाल के रानाघाट से लोकसभा सदस्य जगन्नाथ सरकार ने एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के अंतर्गत लखनऊ प्रवास के दौरान वीवीआईपी गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में रह रहे बंगाली समाज के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में सहभागिता की।
प्रेस वार्ता के दौरान जगन्नाथ सरकार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनकी सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और राज्य की जनता अब विकास करने वाली सरकार चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को भारतीय नागरिकता दिलाने में मदद की जा रही है और राज्य को बांग्लादेश बनाने की साजिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के माध्यम से वोटर लिस्ट को दुरुस्त करना चुनाव आयोग की सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन ममता बनर्जी इसका विरोध इसलिए कर रही हैं क्योंकि वह अवैध घुसपैठियों को मतदाता बनाए रखना चाहती हैं।
इसी क्रम में उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे बंगाली समाज से आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिनके पास वोट है, वे मतदान करें और जिनके पास वोट नहीं है, वे अपने रिश्तेदारों और परिचितों के माध्यम से राज्य सरकार की नीतियों की वास्तविकता आम जनता तक पहुंचाएं।
मुर्शिदाबाद और मालदा में हो रहे दंगों का उल्लेख करते हुए जगन्नाथ सरकार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी चरम पर है, जिससे आम व्यक्ति का जीवन कठिन हो गया है। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने बताया कि गोवा, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में जाकर बंगाली समाज को संगठित करने की मुहिम तेज की जाएगी। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार पर बांग्लादेश से होने वाली घुसपैठ पर सख्ती न बरतने का आरोप भी लगाया।
जगन्नाथ सरकार ने कहा कि बंगाल अपनी संस्कृति और विरासत के लिए विश्वभर में जाना जाता रहा है। बंगाली समाज अपनी बौद्धिक क्षमता के कारण वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुका है, लेकिन आज अपने ही राज्य में हाशिये पर जा रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की अस्मिता खतरे में है और इसके लिए देश-विदेश में रह रहे बंगाली समाज को एकजुट होने की आवश्यकता है।
रविंद्र पल्ली में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बंगाली समाज के लोगों से मुलाकात कर आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में पश्चिम बंगाल पहुंचने का भी आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग, महामंत्री राम अवतार कनौजिया, अभियान प्रदेश सह-संयोजक सूरज सिंह सोमवंशी, डिंपल दत्ता और अनुराग साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
