भारत में घुसपैठिए करने वाले बांग्लादेश के जालसाज हसन शेख को वजीरगंज पुलिस जल्द रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस के साथ ही लोकल इंटेलीजेंस यूनिट (एलआईयू) जेल गए आरोपी हसन शेख के पिता मूसा शेख का ब्योरा भी जुटा रही है। छानबीन में पता चला कि आरोपी करीब दस साल पहले पिता मूसा संग भारत की सीमा लांघकर पश्चिम बंगाल में आया था। पुलिस पिता-पुत्र के चार प्रांतों में बने मददगारों के बारे में छानबीन कर रही है।
वजीरगंज पुलिस की दो टीमों ने सोमवार को दुबग्गा सब्जी मंडी के पास मोबिन के बारे में छानबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं। मोबिन और मूसा के बारे में पता लगाने के लिए पुलिस जेल गए आरोपी हसन को रिमांड पर लेगी। रिमांड पर लेने के बाद उससे पूछताछ में गिरोह के बारे में और बांग्लादेश से भारत में घुसपैठ कराने वालों के बारे में जानकारी लेगी। उसी के आधार पर पुलिस टीम आगे की कार्रवाई करेगी
हसन शेख सऊदी अरब की मुद्रा रियाल के नाम पर लोगों से ठगी करता था। 15 नवंबर को हसन ने साथी उमर संग मिलकर निशातगंज के गुल्लू सोनकर से दो लाख की ठगी की थी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेजा था। आरोपियों ने बताया था कि रियाल उन्हें मोबिन देता था। इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मोबिन के बारे में जानकारी करने के लिए दुबग्गा पुलिस से भी मदद मांगी गयी है।
