(www.arya-tv.com) इस आर्मी डे यानी 15 जनवरी को भारतीय सेना महिला अग्निवीरों की भर्ती शुरू करने का ऐलान कर सकती है। अभी सिर्फ कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस यानी CMP में ही महिलाएं सैनिक के तौर पर भर्ती होती हैं।
सेना अब अपनी कॉम्बैट और कुछ कॉम्बैट सपोर्ट आर्म को छोड़कर बाकी सेवाओं में महिला अग्निवीरों को भर्ती करने के लिए तैयार है। सूत्रों के मुताबिक, इसकी स्टडी चल रही थी जो पूरी हो चुकी है।
रक्षा मंत्री के सामने इसका प्रजेंटेशन भी हो चुका है। भारतीय सेना दिवस या उससे पहले सेना महिला अग्निवीरों की भर्ती का ऐलान कर सकती है।
तैयार किए जा रहे महिला अग्निवीरों के ट्रेनिंग सेंटर
सूत्रों के मुताबिक, महिला अग्निवीरों की भर्ती से पहले ट्रेनिंग सेंटर में भी उनके लिए व्यवस्थाएं की जानी हैं जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सेना में इंफ्रेंट्री, आर्म्ड और मिकैनाइज्ड इंफ्रेंट्री कॉम्बैट आर्म्स हैं।
इनमें अभी महिलाओं की एंट्री नहीं है, ऑफिसर लेवल पर भी नहीं। लेकिन कॉम्बैट सपोर्ट आर्म में महिला अधिकारी हैं। इस साल से ही आर्टिलरी में महिला अधिकारियों को लेने की शुरुआत की गई है।
मिलिट्री इंटेलिजेंस में भर्ती की तैयारी
आर्टिलरी के अलावा इंजिनियर्स, एयर डिफेंस, आर्मी एविएशन भी सपोर्ट आर्म है। इसमें भी महिला अधिकारी हैं, जो पहले सिर्फ शॉर्ट सर्विस में होती थी लेकिन अब वह स्थायी कमिशन की हकदार हैं।
सूत्रों के मुताबिक, महिला अग्निवीरों की शुरुआत सर्विसेज जैसे आर्मी सर्विस कोर, ऑर्डिनेंस, इलैक्ट्रिक एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स से हो सकती है।
महिला अग्निवीरों को मिलिट्री इंटेलिजेंस में भी भर्ती करने की तैयारी है। सेना के एक अधिकारी के मुताबिक महिला अग्निवीर मिलिट्री इंटेलिजेंस में ज्यादा अच्छा कर सकती हैं।