(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मायावती ने कहा कि, भाजपा भी अब सपा सरकार के ही नक्शेकदम पर चल रही है। यूपी के प्रयागराज में अभी हाल ही में दबंगों ने एक दलित परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना अति-दु:खद व शर्मनाक है। यह घटना भी सरकार की लचर कानून व्यवस्था को दर्शाती है। मायावती ने कहा कि, सरकार सभी दोषी दबंगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करे।
शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीते शुक्रवार को फूलचंद पासी के परिवार से मुलाकात की। महिलाएं प्रियंका के हाथ पकड़कर रोने लगीं। कहा कि हमारी कोई नहीं सुन रहा है। घर में सिर्फ महिलाएं ही बची हैं। तकरीबन 35 मिनट प्रियंका ने पीड़ित परिवार के साथ बिताए। उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद मीडिया से मुखातिब होने पर कहा कि इस सरकार में गरीब, दलित एवं वंचित की कोई सुनवाई नहीं है।
ये है पूरा मामला
बीते गुरुवार को एक दलित परिवार के चार सदस्यों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि बेटी के साथ गैंगरेप किया गया। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सभी पर हत्या, दुष्कर्म और SC-ST एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर फाफामऊ राम केवट पटेल सहित दो अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।