‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बनता जा रहा है। इसी योजना के सहारे कानपुर की प्रभनूर कौर ने अपने शौक को व्यवसाय में बदलते हुए सफल बेकरी कारोबार खड़ा किया और अन्य महिलाओं को भी रोजगार देने का अवसर प्रदान किया।प्रभनूर कौर पहले रिश्तेदारों और मित्रों के लिए केक बनाती थीं। इस काम को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने दिल्ली और बेंगलुरु में बेकरी वर्कशॉप भी की। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। जिला उद्योग केंद्र, कानपुर से मार्गदर्शन लेकर उन्होंने योजना के तहत 4.25 लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण प्राप्त किया और आधुनिक मशीनों व ओवन की खरीद कर अपने व्यवसाय का विस्तार किया।
13 अप्रैल 2025 को बैसाखी के दिन उन्होंने ‘स्वीट स्कल्प बाय कौर्स’ नाम से बेकरी स्टूडियो की शुरुआत की। आज उनके यहां कस्टमाइज्ड केक तैयार होते हैं और लखनऊ व गोंडा सहित अन्य जनपदों से भी ऑर्डर मिलने लगे हैं। उनके बेकरी स्टूडियो से कई महिलाओं की जीविका चल रही है। प्रभनूर कौर की सफलता यह साबित करती है कि सरकार की योजनाओं और सही मार्गदर्शन के साथ महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर प्रदान कर सकती हैं।
