(www.arya-tv.com) जैविक व गौ आधारित प्राकृतिक खेती (जीरो बजट खेती) पर 16 दिसंबर को संगोष्ठी होगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में वे वर्चुअल जुड़ेंगे। चौकाघाट स्थित गिरिजादेवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजन होगा।
भाजपा की प्रदेश मंत्री व इस कार्यक्रम की संयोजक मीना चौबे ने बताया कि 16 दिसंबर को सुबह 11 बजे जीरो बजट खेती पर संगोष्ठी होगी। इसका प्रसारण प्रदेश के सभी ब्लाकों व कृषि कल्याण केंद्रों में किया जाएगा। पीएम मोदी जैविक एवं गौ आधारित खेती (जीरो बजट खेती) पर किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए प्रेरित करेंगे।
संवाद कार्यक्रम में बनारस के गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में करीब आठ सौ किसान मौजूद रहेंगे। इसके अलावा ब्लाकों व कृषि कल्याण केंद्र पर भी उनकी मौजूदगी रहेगी। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि संगोष्ठी को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें देवेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह के अलावा भी जिले में किसान मोर्चे के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।