TMC ने कई फाउल किए, इसलिए जल्दी ही यहां के लोग उसे राम कार्ड दिखाएंगे

Uncategorized

(www.arya-tv.com)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार यानी 7 फरवरी को असम और पश्चिम बंगाल का दौरा किया। मोदी शाम को पश्चिम बंगाल के हल्दिया पहुंचे। यहां रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल फुटबॉल से प्यार करने वाला राज्य है, इसलिए मैं फुटबॉल की भाषा में कहना चाहता हूं कि TMC ने कई फाउल कर लिए हैं। बंगाल के लोग सब देख रहे हैं। इसीलिए बंगाल के लोग जल्द ही TMC को राम कार्ड दिखाने वाले हैं। बुआ और भतीजावाद को खत्म करने का मन आप लोग बना चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने हल्दिया में LPG इम्पोर्ट टर्मिनल की शुरुआत की। इसकी अनुमानित लागत 1100 करोड़ रुपए बताई जा रही है। वहीं, उन्होंने डोभी-दुर्गापुर नेचुरल गैस पाइपलाइन और फ्लाईओवर की भी शुरुआत की।

लेफ्ट, TMC और कांग्रेस पर्दे के पीछे के साथी
लेफ्ट, TMC और कांग्रेस पर्दे के पीछे मैच फिक्सिंग कर रहे हैं। ये दिल्ली में एक साथ बैठकर रणनीति बनाते हैं और हमारे सामने एक-दूसरे से लड़ने का सिर्फ दिखावा करते हैं। इनको वोट देने का मतलब है कि परदे के पीछे चल रहे खेल का शिकार हो जाना। इसलिए हमें सतर्क रहना है और दूसरों को भी सावधान करना है।

विकास के मामले में बंगाल पीछे क्यों?
पश्चिम बंगाल गुलामी के दौर में अन्य राज्यों से काफी आगे था। बंगाल में हर इंफ्रास्ट्रक्चर था, नौकरियों के तमाम अवसर थे। बंगाल के लोगों को जो इज्जत आज मिलती है, उसकी वजह वो कालखंड ही है जिसने देश का मार्गदर्शन किया है। आखिर क्यों बंगाल विकास की उस गति को बरकरार नहीं रख पाया। ऐसा क्या हो गया कि अन्य राज्यों के बंदरगाह व्यापार का केंद्र बनते गए और पश्चिम बंगाल पीछे रह गया।

बंगाल के पिछड़ने की वजह यहां की राजनीति
पश्चिम बंगाल के आज के हालात का सबसे बड़ा कारण है यहां की राजनीति। यहां विकास वाली राजनीति नहीं हो पाई। पहले कांग्रेस ने शासन किया, तो भ्रष्टाचार का बोलाबाला रहा। लेफ्ट के शासनकाल में भ्रष्टाचार और अत्याचार का बोलबाला हुआ और विकास ठप पड़ गया। जिसके बाद ममता ने परिवर्तन का वादा किया, लोगों ने भरोसा किया। इसके बाद भी उन्हें सिर्फ धोखा मिला।

बंगाल की जनता निर्ममता का शिकार
बंगाल के लोगों की ममता की अपेक्षा थी, लेकिन वह निर्ममता का शिकार हो गया। 10 साल के शासनकाल में यह साफ हो गया कि ये कोई परिवर्तन नहीं बल्कि लेफ्ट का पुनर्जीवन ही है। इससे पश्चिम बंगाल में गरीबी का दायरा बढ़ता गया, उद्योगों में ताले लगते गए। पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत को बदनाम करने की अंतर्राष्ट्रीय साजिश रची जा रही है। चाय और योग जैसी चीजों पर हमला किया जा रहा है, लेकिन क्या आपने दीदी के मुंह से इन साजिशों के खिलाफ एक भी शब्द सुना है।