मोदी बोले- अमेरिका में ही रिन्यू होंगे H-1B वीजा:कहा- आपसे मिलना स्वीट डिश जैसा

# ## International

(www.arya-tv.com)  अमेरिकी दौरे के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोनाल्ड रीगन सेंटर में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि अब अमेरिका में ही H-1B वीजा रिन्यू हो जाएगा। इसके लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। बता दें कि प्रवासियों को अगर अमेरिका में नौकरी करनी हो तो उन्हें H-1B लेना होता है।

प्रधानमंत्री ने यहां इकट्‌ठा हुए भारतीय मूल के लोगों को देखकर कहा, ‘यहां मुझे हिंदुस्तान के हर कोने के लोग नजर आ रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे मिनी इंडिया उमड़ा है। अमेरिका में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की सुंदर तस्वीर दिखाने के लिए आपको बधाई देता हूं।’

PM के संबोधन पर लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। PM ने आगे कहा कि जैसे भोजन के बाद स्वीट डिश मिलती है, वैसे ही आपसे बात करना एक मीठी डिश थी जिसे मैं खाकर जा रहा हूं। बीते 3 दिनों में मैंने जो बाइडेन के साथ कई मुद्दों पर बात की। मैं अनुभव से कहता हूं कि बाइडेन एक सुलझे हुए अनुभवी नेता हैं।

इस कार्यक्रम में इंटरनेशनल सिंगर मैरी मिलबेन ने भारत का राष्ट्रगान ‘जन गण मन…’ गाया। इसके बाद मिलबेन ने पीएम के पैर छुए।

PM मोदी की स्पीच की बड़ी बातें…

  • भारत लोकतंत्र की जननी है और अमेरिका, आधुनिक लोकतंत्र का चैम्पियन है। आज दुनिया, दो महान लोकतंत्रों की साझेदारी को और सशक्त होते देख रही है।
  • भारत में हो रही प्रगति का सबसे बड़ा कारण है- भारत का आत्मविश्वास, भारत के लोगों का आत्मविश्वास है। भारत में पिछले कुछ सालों में डिजिटल क्रांति आई है।
  • भारत इस साल सिएटल में एक नया कॉन्सुलेट खोलने जा रहा है। इसके अलावा भी अमेरिका के 2 और शहरों में भारतीय कॉन्सुलेट खोले जाएंगे। अब अहमदाबाद और बेंगलुरु में भी अमेरिका के नए कॉन्सुलेट खुलने जा रहे हैं।
  • फाइटर इंजन प्लेन बनाने का फैसला भारत के डिफेंस सेक्टर के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। इस समझौते से अमेरिका म्यूचुअल ट्रस्ट को भी शेयर करेगा।
  • भारत में गूगल का AI रिसर्च सेंटर 100 से ज्यादा भारतीय भाषाओं पर काम करेगा। इससे भारत में ऐसे बच्चों को पढ़ने में आसानी होगी, जिनकी मातृभाषा अंग्रेजी नहीं है।
  • भारत सरकार की मदद से यहां यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन में तमिल स्टडी चेयर की स्थापना की जाएगी। दुनिया की सबसे पुरानी भाषा तमिल भाषा है और वो हमारी भाषा है। इस कदम से तमिल भाषा का प्रभाव बढ़ाने में मदद मिलेगी।
  • अब मेन इन इंडिया, मेक फॉर वर्ल्ड बनेगा। भारत में ज्यादा से ज्यादा निवेश का यह सही समय है। दोनों देश एक बेहतर मजबूत देश की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
  • अमेरिकी सरकार ने भारत की पुरानी मूर्तियां और चीजें जो चोरी हुई थीं, उनमें 100 से ज्यादा लौटाने का फैसला लिया है। ये पुरातन वस्तुएं सालों पहले इंटरनेशनल बाजार में पहुंच गई थीं। मैं जहां भी जाता हूं तो वहां लोगों को लगता है ये सही व्यक्ति है। इसे चीजें सुपुर्द करो, सही जगह लेकर जाएगा।