(www.arya-tv.com) बरेली में जल्द ही हरियाली नजर आएगी। 22 से बरेली में पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने 26 विभागों को पौधे रोपने की जिम्मेदारी दी गई है।
बरेली में पौधे लगाने का सबसे बड़ा लक्ष्य रखा गया है। इसमें अलग-अलग स्थानों पर 10 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम प्रधान और समिति को भी इसका लक्ष्य दिया गया है।
बरेली प्रशासन द्वारा कार्यक्रम
भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर में आज बरेली प्रशासन द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख मुख्य अतिथि रहेंगे। साथ ही शासन द्वारा नामित प्रमुख सचिव परिवहन एल वेंक्टेश्वर लू भी शामिल रहेंगे। आईजी, कमिश्नर, डीएम और एसएसपी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
42 लाख पौधे रोपे जाएंगे
डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने बताया, जिलेभर में 22 जुलाई से 15 अगस्त के बीच पौधे रोपने का कार्यक्रम है। जिले में सभी विभागों की ओर से 42 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसको लेकर वन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए 26 वन विभागों को टारगेट दिया गया है।
यह कार्यक्रम 25 दिन तक चलेगा। इसके लिए सभी विभागों को नर्सरी से वन विभाग पौधे भिजवाने की तैयारी कर रहा है। इनमें कई तरह के पौधे लगाए जाने हैं।
गड्ढे खोदने का काम शुरू
सभी विभागों ने पौधे लगाने के लिए गड्ढे खोदने का काम शुरू कर दिया है। इसमें वन विभाग के अधिकारी विभागों को इसके बारे में लगातार जागरूक कर रहे हैं। यह भी निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे देहात क्षेत्र में जहां पौधे लगाए जाने हैं, वहां पशुओं से भी बचाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सरकारी जमीन पर भी पौधों की रोपाई की जगह चिह्नित की गई है। बरेली में पिछले पांच सालों में हाईवे चौड़ीकरण, बाईपास, और अन्य निर्माण कार्य के चलते पेड़ों पर आरा चला था, लेकिन अब जिला प्रशासन इस भरपाई को करने में लगा है। अभी जिन स्थानों पर शहर में 6 लेन का काम किया जाना है, वहां भी पेड़ों को काटा जाना है। इसके लिए अभी तक 1.59 करोड का बजट निर्धारित किया गया है।