इंजीनियरिंग के लिए भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित बने रहेंगे महत्वपूर्ण विषय, जानें क्या है पूरा मामला

Education

(www.arya-tv.com) अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने शुक्रवार को आधिकारिक अधिसूचना के जरिए यह घोषणा की थी कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए बारहवीं में गणित, भौतिक और रसायन विज्ञान विषय अनिवार्य नहीं होंगे। किंतु अब एआईसीटीई ने इस पर यू-टर्न लेते हुए कहा है कि इंजीनियरिंग के लिए भौतिकी, गणित और रसायन विज्ञान महत्वपूर्ण विषय है।

प्रेस वार्ता में एआईसीटीई के चेयरपर्सन अनिल सहस्रबुद्धे ने कहा कि बायोटेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल या एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग जैसे स्ट्रीम के लिए बारहवीं कक्षा में इन विषयों का अध्ययन नहीं करने का विकल्प होगा। वहीं मैकेनिकल इंजीनियरिंग जैसे स्ट्रीम के लिए भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित महत्वपूर्ण विषय बने रहेंगे।

अब एआईसीटीई ने यह निर्णय विश्वविद्यालयों और इंजीनियरिंग संस्थानों के ऊपर  छोड़ दिया है। सीनियर ऑफिसर ने द इंडियन एक्सप्रेस को दिए गए बयान में कहा कि जो विद्यार्थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहते हैं और उन्होंने कक्षा 11 और 12 में भौतिकी या गणित (या दोनों) का अध्ययन नहीं किया, यह उन विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर है।

“उदाहरण के तौर पर, स्कूल में पीसीबी (भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान) के छात्रों को अक्सर जैव प्रौद्योगिकी कार्यक्रम में दाखिला लेने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

ऐसा इसलिए है क्योंकि हमारे पुराने एपीएच ने हाई स्कूल में गणित का अध्ययन अनिवार्य कर दिया है। नए मानदंडों के तहत, यदि विश्वविद्यालय या संस्थान इसकी अनुमति देते हैं, तो पीसीबी का अध्ययन करने वाले विद्यार्थी को बायोटेक्नोलॉजी में दाखिला दिया जा सकता है।