राजधानी लखनऊ में मार्च महीने में प्रस्तावित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार अब नहीं लगेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने वसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए पूर्व में जारी मैदान आवंटन को निरस्त कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 14 मार्च से 18 मार्च तक दिव्य दरबार आयोजित करने के लिए हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आवेदन किया गया था। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वयं अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज के माध्यम से मार्च में लखनऊ आगमन की सूचना साझा की थी जिसके बाद आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी थीं।लखनऊ विकास प्राधिकरण सूत्रों के अनुसार, इतने बड़े धार्मिक आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन से आवश्यक नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) प्राप्त नहीं हो सकी। प्रशासन को आशंका थी कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल जैसे सार्वजनिक स्थान पर अपेक्षा से अधिक भीड़ जुट सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में कठिनाई आ सकती है। इसी आधार पर एलडीए ने मैदान आवंटन को निरस्त करने का निर्णय लिया।
