(www.arya-tv.com) गोरखपुर में गर्मी का सितम जारी है। तेज धूप के साथ भीषण गर्मी की तपिश से लोग परेशान हैं। आसमान से बरस रही आग से बचने के लिए लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। तेज धूप से तारकोल से बनी सड़कें दिन में पिघलने लगी। शुक्रवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दिन में अधिकतम तापमान 43°C तक पहुंच गया। यह सामान्य से करीब 7°C अधिक है।
कल से राहत की उम्मीद
हालांकि, मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया, इस तपिश भरी गर्मी से कल यानी 10 जून से राहत मिल सकती है। 8 जून को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 10 जून से 12 जून तक पूर्वी यूपी में उसका असर देखने को मिलेगा। इस दौरान हल्के बादल छाने से लाेगाें को गर्मी से राहत मिलेगी। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।
रिकार्ड तोड़ने को बेताब गर्मी
सुबह से ही चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। उमस भरी गर्मी और तेज धूप से सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जून के महीने में दिनों दिन तापमान का पारा चढ़ता चला जा रहा है। इसे देख लगता है कि वह अपने पिछले चार साल पुराने रिकार्ड को तोड़ने को बेताब है।
सुबह से ही सूरज ने दिखाए तेवर
शुक्रवार को सुबह से ही सूरज ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए। दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश और बढ़ती गई। आसमान से बरस रही आग से बचने के लिए लोग घरों में दुबके रहे। जो मजबूरी में निकले वह भी धूप से बचने के लिए तरह-तरह के जतन करते दिखे। घरों से सिर्फ वही लोग निकले, जिन्हें जरूरी कामों से बाहर जाना था।
दोपहर में अधिकतम तापमान 43°C तक पहुंच गया। जो कि सामान्य तापमान 36.3°C से 7°C अधिक था। पिछले 48 घंटे में तापमान में करीब 3°C की उछाल हुई है। हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई है।
