प्रयागराज (www.arya-tv.com) साल के आखिरी दिनों में मौसम में कई बदलाव देखे जा रहे हैं। एक तरफ जहां दिन में गुलाबी धूप लोगों को राहत दिला रही है वहीं सुबह और शाम से लेकर रात तक गलन भरी ठंड लोगों को परेशान भी कर रही है। सुबह के समय कोहरा भी छाया रहता है। दिसंबर में लगतार दूसरी बार पहड़ों की बर्फबारी ने ये जता दिया है कि आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। ठंड से बचने के लिए अलाव का भी सहारा लिया जा रहा है।
इस माह के तीसरे सप्ताह में जहां तापमान न्यूनतम आठ और नौ डिग्री सेल्सियस के आस पास था, वहीं अब महीने के अंतिम दिनों में पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आने वाले दिनों में पारा चार डिग्री तक जाने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर दोबारा बर्फबारी शुरू हो गई है। ऐसे में जनवरी के पहले सप्ताह में न्यूनतम पारा चार डिग्री आने के आसार हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता की बात करें तो अधिकतम 92 और न्यूनतम 65 मापी गई। सोमवार को तापमान न्यूनतम सात डिग्री तक जाने के आसार हैं।
समुद्र विज्ञानी व पर्यावरण के जानकार प्रो. शैलेंद्र रॉय ने बताया कि सप्ताह भर मौसम साफ रहने के आसार हैं। रात में गलन बढ़ेगी और सुबह कोहरा छाया रहेगा। पहाड़ों पर हुई दोबारा बर्फबारी के असर कुछ दिनों तक छाया रहेगा। रात में इसका ज्यादा प्रभाव दिखाई देगा। उधर जनवरी के पहले सप्ताह में पारे में तेजी से गिरावट देखी जा सकती है। दिसंबर के आखिर तक शीतलहर चलती रहेगी। गलन के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में हमें अत्याधिक सजग रहने की आवश्यकता है। खान-पान के साथ व्यायाम आदि पर जोर देना होगा।